CG NEWS: नगरनार स्टील प्लांट का 'काला पानी' बना किसानों का काल! 150 एकड़ खेत बर्बाद, ग्रामीणों ने उठाए गंभीर सवाल

जगदलपुर। नगरनार स्टील प्लांट से निकलने वाले कथित अपशिष्ट और रासायनिक मिश्रित पानी को लेकर बस्तर के किसानों और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। प्रभावित किसानों का आरोप है कि जहरीले पानी से करीब 150 एकड़ कृषि भूमि बर्बाद हो चुकी है, जबकि तालाब और अन्य जल स्रोत भी प्रभावित हो रहे हैं। दूसरी ओर प्लांट प्रबंधन का कहना है कि प्रशासन के निर्देशानुसार कार्रवाई की जाएगी और एसडीएम ने बताया है कि मुआवजे का प्रस्ताव कलेक्टर को भेजा जा चुका है।
खेतों तक पहुंचा काला पानी, किसानों का आरोप
नगरनार स्टील प्लांट के आसपास रहने वाले किसानों का आरोप है कि प्लांट से निकलने वाला काला और रासायनिक मिश्रित पानी खुले में बहने के कारण उनके खेतों तक पहुंच रहा है। उनका दावा है कि इससे करीब 150 एकड़ कृषि भूमि प्रभावित हुई है और कई किसानों की फसलें खराब हो गई हैं।
सड़क बनी तालाब, आवाजाही प्रभावित
ग्रामीणों के अनुसार प्लांट के गेट नंबर-3 से उपनपाल मार्ग तक बड़ी मात्रा में काला पानी जमा है। सड़क पर जलभराव होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है और आसपास दुर्गंध फैलने की शिकायत भी सामने आई है।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: सलवा जुडुम स्मृति दिवस: नक्सली हिंसा में मारे गए ग्रामीणों और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि
जल स्रोतों पर भी असर की आशंका
ग्रामीणों का कहना है कि यही पानी तालाबों और अन्य जल स्रोतों तक पहुंच रहा है। इससे खेती के साथ-साथ पेयजल और पशुओं के उपयोग वाले जल स्रोतों के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
रोजगार और विकास के वादों पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्लांट स्थापना के समय रोजगार, अस्पताल, शिक्षा और गांवों के विकास के कई वादे किए गए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि इनमें से अधिकांश वादे अब तक पूरी तरह पूरे नहीं हुए हैं।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: छत्तीसगढ़ में बड़ा IPS तबादला तय! तीन रेंज के IG बदलेंगे, कई जिलों के SP-SSP की होगी अदला-बदली
किसानों की मांग- स्थायी समाधान जरूरी
प्रभावित किसानों और ग्रामीणों का कहना है कि केवल मुआवजा पर्याप्त नहीं होगा। उनका कहना है कि अपशिष्ट जल की वैज्ञानिक निकासी और स्थायी प्रबंधन की व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में खेत और जल स्रोत प्रभावित न हों।
प्रबंधन का पक्ष
नगरनार स्टील प्लांट के जनसंपर्क प्रमुख रफीक अहमद ने कहा कि इस विषय पर जिला प्रशासन के साथ बैठक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कलेक्टर जो भी निर्देश देंगे, उनका पालन किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: नितिन नवीन की नई टीम में छत्तीसगढ़ से किसे मिलेगा बड़ा रोल? विजय शर्मा या अरुण साव, भाजपा में तेज हुई हलचल
प्रशासन का पक्ष
जगदलपुर एसडीएम श्री तिवारी के अनुसार प्रभावित किसानों को मुआवजा देने का प्रस्ताव कलेक्टर को भेजा गया है। साथ ही अपशिष्ट जल की स्थायी निकासी के लिए अंडरग्राउंड पाइपलाइन और पॉन्ड निर्माण की योजना पर काम किया जा रहा है तथा इसके लिए जमीन की तलाश जारी है।
सांसद ने भी उठाया मुद्दा
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि उन्होंने प्लांट प्रबंधन से किसानों और ग्रामीणों की समस्या का स्थायी समाधान निकालने को कहा है। उनका कहना है कि यह लंबे समय से चली आ रही समस्या है, इसलिए इसका ठोस समाधान आवश्यक है।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: तुरतुरिया मंदिर में बाढ़ से घिरे 250 श्रद्धालु, पुलिस ने कंधे पर उठाकर कराया रेस्क्यू
कांग्रेस नेताओं ने साधा निशाना
पूर्व सरपंच एवं कांग्रेस नेता लेखन बघेल तथा पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने आरोप लगाया कि केवल मुआवजा पर्याप्त नहीं है। उन्होंने प्रभावित किसानों को उचित राहत, स्वास्थ्य परीक्षण और स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी भी दी है।












