5 लाख खर्च के बाद भी नहीं बची 21 साल की अंकिता की जान, एक ही परिवार के 3 सदस्य डेंगू पॉजिटिव

सीहोर। मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी में डेंगू ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। 21 वर्षीय अंकिता ठाकुर की डेंगू संक्रमण और ब्रेन स्ट्रोक के चलते भोपाल के अपोलो सेज अस्पताल में मौत हो गई। बेटी की जान बचाने के लिए परिवार ने पांच दिनों में करीब 5 लाख रुपये खर्च कर दिए, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसे नहीं बचाया जा सका। इस घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं और डेंगू नियंत्रण अभियान पर सवाल उठने लगे हैं।
पांच दिन तक तीन अस्पतालों में चला इलाज, फिर भी नहीं बची जान
परिजनों के मुताबिक, अंकिता को 16 नवंबर को बुखार आया था। उसे बुधनी सिविल अस्पताल ले जाया गया। अगले दिन रिपोर्ट आने के बाद उसे भर्ती किया गया। परिवार का आरोप है कि उपचार के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उसे उल्टियां हुईं और वह बेहोश हो गई। इसके बाद गंभीर हालत में उसे नर्मदापुरम रेफर कर दिया गया। नर्मदापुरम के पांडे नर्सिंग होम में जांच के दौरान अंकिता के प्लेटलेट्स कम पाए गए। परिजनों के अनुसार, वहां जरूरी ब्लड प्लेटलेट्स की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे भोपाल ले जाने की सलाह दी गई।
भोपाल के अस्पताल में वेंटिलेटर पर रही अंकिता
इसके बाद अंकिता को भोपाल के अपोलो सेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां पांच दिनों तक वह एमआईसीयू में वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत के बीच जूझती रही। परिवार के मुताबिक, इलाज पर रोजाना करीब 50 हजार रुपये खर्च हो रहे थे। कुल मिलाकर लगभग 5 लाख रुपये खर्च करने के बाद भी शनिवार तड़के अंकिता ने दम तोड़ दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों में ब्रेन स्ट्रोक और डेंगू का उल्लेख किया गया है। एक दिन पहले तक परिवार सोशल मीडिया के जरिए आर्थिक मदद की गुहार लगा रहा था, लेकिन अगले ही दिन बेटी का अंतिम संस्कार करना पड़ा।
एक ही परिवार के तीन सदस्य डेंगू की चपेट में
इस मामले में सबसे चिंताजनक बात यह है कि अंकिता के परिवार में तीन लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। अंकिता के बाद उसकी छोटी बहन राशि और मां रागिनी ठाकुर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
परिजनों के अनुसार, राशि को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, जबकि मां के उपचार की तैयारी की जा रही थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पहले भी डेंगू के मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में फॉगिंग, लार्वा सर्वे और साफ-सफाई की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने क्या कहा?
मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी. बड़ोदिया के मुताबिक, अंकिता को बुधनी सिविल अस्पताल में उपचार और जांच के बाद गंभीर हालत में नर्मदापुरम रेफर किया गया था। उन्होंने बताया कि बुधनी सिविल अस्पताल में डेंगू जांच की सुविधा नहीं है। यह जांच जिला चिकित्सालय में होती है।
UPSC की तैयारी कर रही थी अंकिता
अंकिता यूपीएससी की तैयारी कर रही थी और बुधनी के गुरुकुल स्कूल में शिक्षिका के रूप में बच्चों को पढ़ाती थी। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।




















