कानपुर। कहते हैं कि दोस्ती में जान दी जाती है लेकिन उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात से एक ऐसा मामला सामने आया है जहां दोस्ती जान लेने की वजह बन गई। जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें और भविष्य के सपने होने चाहिए उस उम्र में एक किशोर ने मामूली विवाद में अपने ही जिगरी दोस्त के सीने में चाकू घोंप दिया। वजह जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे सिर्फ ₹500 की उधारी और उसे घर वालों को बताने का डर।
घटना कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र की है। यहां एक निजी गेस्ट हाउस में वैवाहिक कार्यक्रम चल रहा था। चारों तरफ हंसी-खुशी का माहौल था, मेहमान खाना खा रहे थे और गानों की गूंज थी। इसी भीड़ के बीच दो दोस्त सत्यम और गौरव (दोनों की उम्र करीब 15 वर्ष) भी मौजूद थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले ही पल यह उत्सव चीख-पुकार में बदल जाएगा। देखते ही देखते गौरव ने सत्यम पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उसे लहूलुहान कर मौके से फरार हो गया।
इस हत्याकांड की जड़ें कुछ महीने पुरानी हैं। चश्मदीदों और पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गौरव ने कुछ समय पहले अपने जन्मदिन की पार्टी मनाने के लिए सत्यम से ₹500 उधार लिए थे। सत्यम ने दोस्ती के नाते पैसे दे तो दिए लेकिन जब उसने वापस मांगे तो गौरव टाल-मटोल करने लगा। अमराहट थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव के रहने वाले ये दोनों किशोर अक्सर साथ देखे जाते थे लेकिन पैसे के इस लेन-देन ने उनके बीच दरार पैदा कर दी थी। शनिवार को शादी समारोह में जब दोनों का आमना-सामना हुआ तो सत्यम ने फिर से अपने पैसों की मांग की।
ये भी पढ़ें: 6 साल बाद साउथ में तब्बू की वापसी : ‘स्लमडॉग- 33 टेंपल रोड’ में विजय सेतुपति के साथ आएंगी नजर
मृतक के दोस्त दीपांशु ने बताया कि सत्यम ने बड़े ही सामान्य लहजे में गौरव से कहा कि भाई अब तो मेरे ₹500 लौटा दो। इस पर गौरव ने अकड़ दिखाते हुए जवाब दिया कि मेरे पास पैसे नहीं हैं और मैं जिससे लेता हूं उसे वापस नहीं करता। विवाद तब बढ़ा जब सत्यम ने तंग आकर कहा कि अगर तुमने पैसे नहीं दिए तो मैं तुम्हारे घर जाकर तुम्हारी मम्मी को सब बता दूंगा। बस, यही बात गौरव को खटक गुजरी। उसे लगा कि घर पर बात पहुंची तो उसकी पिटाई होगी या बदनामी होगी। गुस्से में पागल होकर उसने चिल्लाकर कहा कि अगर घर पर बताया तो चाकू मार दूंगा और पलक झपकते ही उसने जेब से चाकू निकालकर सत्यम पर हमला कर दिया।
ये भी पढ़ें: भेदभाव खत्म : सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, महिला सैन्य अफसरों को मिलेगा स्थायी कमीशन के साथ पूरी पेंशन
चाकू लगने के बाद सत्यम वहीं जमीन पर गिर पड़ा। गेस्ट हाउस में मौजूद लोग उसे आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले गए लेकिन घाव इतना गहरा था कि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक मां ने अपने बेटे को खो दिया और पूरे गांव में इस घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (CO) प्रिया सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश दी और कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी किशोर है इसलिए मामले में जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत भी कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है।