PlayBreaking News

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर लैंडस्लाइड!6,695 करोड़ के प्रोजेक्ट पर उठे सवाल, अभी कुछ महीने पहले हुआ था उद्घाटन

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के 6,695 करोड़ रुपए की लागत वाले 'मिसिंग लिंक' प्रोजेक्ट पर पहली ही भारी बारिश में बड़ा लैंडस्लाइड हो गया। कुछ महीने पहले शुरू हुई इस परियोजना के खंडाला एग्जिट के पास पहाड़ी ढहने से एक्सप्रेसवे बंद करना पड़ा। 
Follow on Google News
6,695 करोड़ के प्रोजेक्ट पर उठे सवाल, अभी कुछ महीने पहले हुआ था उद्घाटन
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के 6,695 करोड़ रुपये की लागत वाले 'मिसिंग लिंक' प्रोजेक्ट पर पहली ही भारी बारिश में बड़ा लैंडस्लाइड हो गया।

महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश अब लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। मुंबई और आसपास के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से तेज बारिश जारी है। बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया है। पेड़ गिरने, बिजली का करंट फैलने, खुले मेनहोल और सड़क हादसों में कई लोगों की जान भी जा चुकी है। इसी बीच आज सुबह मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हो गया। खंडाला एग्जिट के पास अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा। भारी मात्रा में मलबा सड़क पर फैल गया, जिसके कारण एक्सप्रेसवे को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। प्रशासन ने तुरंत राहत और मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया।

मिसिंग लिंक परियोजना पर पहली बड़ी चुनौती

जिस एक्सप्रेसवे पर लैंडस्लाइड हुआ, वह मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे का नया मिसिंग लिंक हिस्सा है। इस परियोजना को शुरू हुए अभी करीब दो महीने ही हुए हैं। इतनी जल्दी इस तरह की घटना सामने आने से लोगों के मन में कई सवाल उठने लगे हैं। जिस परियोजना को आधुनिक इंजीनियरिंग का शानदार उदाहरण बताया गया था, उसी पर पहली ही बारिश में लैंडस्लाइड होना चर्चा का विषय बन गया है।

Twitter Post

सुरंग के पास ढही पहाड़ी, ट्रैफिक पूरी तरह प्रभावित

जानकारी के अनुसार, पुणे से मुंबई जाने वाली लेन में 8.9 किलोमीटर लंबी सुरंग के एग्जिट के पास पहाड़ी का हिस्सा अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया। देखते ही देखते सड़क पर मिट्टी और बड़े-बड़े पत्थरों का ढेर लग गया। इसके कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई।
मौके पर पुलिस, एक्सप्रेसवे प्रबंधन और बचाव दल की टीमें पहुंचीं। सुरक्षा के लिहाज से इस हिस्से को तुरंत बंद कर दिया गया। JCB और अन्य भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। अधिकारियों ने लोगों से वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की।

यह भी पढ़ें: Weather Alert: 17 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात की आशंका

दो महीने पहले हुआ था भव्य उद्घाटन

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे की मिसिंग लिंक परियोजना का उद्घाटन इसी साल 1 मई को महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर किया गया था। CM देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार ने इस परियोजना का लोकार्पण किया था। करीब 6,695 करोड़ की लागत से तैयार इस प्रोजेक्ट को महाराष्ट्र के सबसे महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में गिना जा रहा है। उद्घाटन के समय इसे राज्य के विकास की बड़ी उपलब्धि बताया गया था।

Twitter Post

क्या है मिसिंग लिंक परियोजना?

मुंबई और पुणे के बीच सफर को आसान और तेज बनाने के लिए इस परियोजना को तैयार किया गया है। इसके बनने से दोनों शहरों के बीच की दूरी करीब 6 किलोमीटर कम हो गई है।

इसके अलावा यात्रियों का लगभग 30 मिनट का समय भी बचता है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस परियोजना की मदद से खंडाला घाट के खतरनाक मोड़ों से गुजरने की जरूरत काफी कम हो गई है। इससे सड़क सुरक्षा बढ़ने और दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद जताई गई थी।

यह भी पढ़ें: बारिश का रेड अलर्ट! मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर में आज स्कूल-कॉलेज बंद, मुंबई यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं भी टली

एशिया की सबसे चौड़ी सड़क सुरंगों में शामिल

इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत इसकी आधुनिक सुरंगें और विशाल केबल-स्टे ब्रिज हैं। इसमें करीब 23.5 से 23.75 मीटर चौड़ी सुरंगें बनाई गई हैं, जिन्हें एशिया की सबसे चौड़ी सड़क सुरंगों में गिना जा रहा है। इसी वजह से इस परियोजना को इंजीनियरिंग का बेहतरीन नमूना बताया गया था। इसके लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने की भी तैयारी की जा रही थी।

पहली ही बारिश में उठे निर्माण पर सवाल

अब जब पहली ही भारी बारिश में इस परियोजना के पास लैंडस्लाइड हुआ है, तो सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक इस पर चर्चा शुरू हो गई है। कई लोग निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि पहाड़ी इलाकों में लगातार मूसलाधार बारिश के कारण इस तरह की प्राकृतिक घटनाएं हो सकती हैं। फिलहाल संबंधित एजेंसियां इस पूरे मामले की जांच कर रही हैं। यह पता लगाया जाएगा कि लैंडस्लाइड केवल प्राकृतिक कारणों से हुई या फिर निर्माण से जुड़ी किसी कमी ने भी इसमें भूमिका निभाई।

प्रशासन ने लोगों से की अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जब तक मलबा पूरी तरह साफ नहीं हो जाता, तब तक एक्सप्रेसवे के प्रभावित हिस्से पर यात्रा करने से बचें। बारिश को देखते हुए पहाड़ी इलाकों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई है।

बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें

महाराष्ट्र में जारी भारी बारिश ने सिर्फ मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। कई इलाकों में जलभराव, सड़क बंद होने, पेड़ गिरने और रेल सेवाओं पर असर जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts