30 लाख दीयों से जगमगाई रामनगरी, अयोध्या में दिखा अद्भुत नजारा; CM योगी ने निषाद समाज को सराहा

अयोध्या में दसवें दीपोत्सव पर 30 लाख दीपों से रामनगरी जगमगा उठी। रामजन्मभूमि परिसर में एक लाख दीप जलाए गए। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और सीएम योगी ने रामलला की आरती और प्रतीकात्मक राज्याभिषेक किया। 2100 ड्रोन शो, लेजर लाइट और ग्रीन आतिशबाजी ने आयोजन की भव्यता बढ़ाई। सीएम योगी ने निषाद समुदाय के योगदान की भी सराहना की।
30 लाख दीयों से जगमगाई रामनगरी, अयोध्या में दिखा अद्भुत नजारा; CM योगी ने निषाद समाज को सराहा

अयोध्या में दसवें दीपोत्सव पर भक्ति, आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। शनिवार शाम रामनगरी 30 लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठी। सरयू तट से लेकर राम की पैड़ी और मंदिरों तक दीपों की कतारों ने अयोध्या की भव्यता को और बढ़ा दिया। इस ऐतिहासिक आयोजन में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शामिल हुए। वहीं, दीपावली के मौके पर सीएम योगी निषाद समुदाय के लोगों से भी मिले और दीपोत्सव में उनके योगदान की सराहना की।

सीएम योगी ने निषाद समुदाय को दिया धन्यवाद

दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निषाद समुदाय के लोगों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इस समुदाय का अयोध्या नगरी के प्रति स्नेह और अनुराग ऐतिहासिक है। कल के दीपोत्सव में आपका बहुत बड़ा योगदान रहा है। लाखों लोगों के आयोजन को सफल बनाने में आपके सहयोग की अहम भूमिका रही। सीएम योगी ने स्वच्छता का संदेश देते हुए कहा कि अगर हमारा शहर और गांव गंदा होगा तो वहां के नागरिकों को सम्मान नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि बिना निषाद समुदाय के सहयोग के इतने बड़े आयोजन को सफल बनाना संभव नहीं था।

X Post

एक लाख दीपों से जगमगाया रामजन्मभूमि परिसर

दीपोत्सव के दौरान श्रीरामजन्मभूमि मंदिर परिसर भी करीब एक लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रामलला की एक साथ आरती उतारी। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। आरती के बाद उपराष्ट्रपति और राज्यपाल ने मंदिर प्रांगण में दीप प्रज्ज्वलित किए। इसके बाद करीब 3 हजार श्रद्धालुओं ने भी मंदिर परिसर के अलग-अलग हिस्सों में दीप जलाए। यात्री सुविधा केंद्र, श्रीरामजन्मभूमि पथ, सिंह द्वार, दर्शन मार्ग, कुबेर टीला, यज्ञशाला, पंचवटी और सीता रसोई समेत कई स्थान दीपों से रोशन हो उठे।

30 लाख दीपों से जगमगाए सरयू तट के घाट

दसवें दीपोत्सव पर राम की पैड़ी और सरयू तट के घाटों पर एक साथ 30 लाख दीप जलाए गए। दीपों की रोशनी, मंदिरों की घंटियां और जय श्रीराम के जयकारों ने पूरी रामनगरी को भक्तिमय बना दिया। रामकथा पार्क में आयोजित कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभु श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक किया। इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहीं। उपराष्ट्रपति की मौजूदगी में 2,147 लोगों ने एक साथ मां सरयू की महाआरती की।

X Post

ड्रोन शो और लेजर लाइट ने बढ़ाई दीपोत्सव की भव्यता

दीपोत्सव में 2,100 ड्रोन के शो, लेजर लाइट और प्रोजेक्शन मैपिंग ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ग्रीन आतिशबाजी ने आसमान में रंगों की खूबसूरत छटा बिखेरी। खास बात यह रही कि इस बार विश्व रिकॉर्ड नहीं बना, लेकिन अयोध्या ने पिछले साल के 26.17 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने के अपने ही रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

15 राज्यों के 500 कलाकारों ने दिखाई लोकसंस्कृति की झलक

दीपोत्सव की शुरुआत सुबह साकेत महाविद्यालय से निकली श्रीराम राज्याभिषेक शोभायात्रा के साथ हुई। इसमें रामायण के सातों कांडों पर आधारित झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को दर्शाती 14 झांकियां भी निकाली गईं। इस आयोजन में 15 राज्यों के 500 से अधिक कलाकारों ने अपनी लोकसंस्कृति और पारंपरिक कलाओं की शानदार प्रस्तुतियां दीं। पूरे आयोजन ने अयोध्या की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को एक बार फिर भव्य रूप में प्रदर्शित किया।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts