मुंबई:मुहर्रम जुलूस में साजिश नाकाम, जहरीले कैप्सूल बांट रहा था शख्स; पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, आरोपी फैय्याज प्रेमजी ने शुरुआत में खुद को पेनकिलर बांटने वाला बताया, लेकिन पूछताछ में कथित तौर पर जुलूस को निशाना बनाने की बात सामने आई। उसके पास से 14,900 से अधिक कैप्सूल और 50 किलो जिंक फॉस्फाइड बरामद किया गया है। पुलिस का दावा है कि समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी घटना को टाल दिया गया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
जुलूस के दौरान संदिग्ध को पुलिस ने पकड़ा
मुंबई के भायखला इलाके में मुहर्रम के जुलूस के दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी। पूछताछ में पता चला कि वह बिना अनुमति के लोगों को कैप्सूल बांट रहा था। इसी बीच एक व्यक्ति ने कैप्सूल खाने के बाद उल्टी और पेट दर्द की शिकायत की। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू की।
ये भी पढ़ें: 'वेलकम टू द जंगल' से बॉलीवुड में बनाई पहचान: इंदौर लौटकर साझा किया संघर्ष का सफर; बोले- यह तो अभी शुरुआत है
आरोपी से 14,900 कैप्सूल बरामद
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान पुणे निवासी फैय्याज प्रेमजी के रूप में हुई है, जो पेंट का कारोबार करता है। शुरुआत में उसने दावा किया कि वह दर्द निवारक दवा बांट रहा था, लेकिन पूछताछ में कथित तौर पर उसने मुहर्रम के जुलूस को निशाना बनाने की बात कबूल की। पुलिस का कहना है कि उसने 30 हजार कैप्सूल तैयार करने का लक्ष्य रखा था, जिनमें से 14,900 कैप्सूल बरामद कर लिए गए।
50 किलो जिंक फॉस्फाइड भी जब्त
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 50 किलो जिंक फॉस्फाइड बरामद किया, जिसका उपयोग आमतौर पर चूहे मारने के लिए किया जाता है। पुलिस का दावा है कि प्रत्येक कैप्सूल में लगभग एक ग्राम जिंक फॉस्फाइड भरा गया था। बरामद सामग्री को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर में हिली धरती : अफगानिस्तान में आया 6.2 तीव्रता का भूकंप, 8 अन्य देशों में महसूस हुए झटके
फैय्याज प्रेमजी 2025 में ईरान और इराक गया था
पुलिस के मुताबिक, फैय्याज प्रेमजी वर्ष 2025 में ईरान और इराक भी गया था। उसकी विदेश यात्रा का उद्देश्य क्या था, इसकी भी जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि क्या इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति या संगठन की भी भूमिका है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी
पुलिस की सतर्कता से एक संभावित बड़ी त्रासदी को रोका जा सका। उन्होंने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी के मकसद का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस साजिश में अन्य लोग भी शामिल थे। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











