Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मनोरी बीच के पास फंसे जहाज में मिले 4 शव, चोरी के दौरान गैस रिसाव से मौत की आशंका

मुंबई के मनोरी बीच के पास फंसे एमटी अल जाफजिया जहाज में चार लोगों के शव मिले हैं। पुलिस को चोरी के दौरान गैस रिसाव से मौत की आशंका है।
मनोरी बीच के पास फंसे जहाज में मिले 4 शव, चोरी के दौरान गैस रिसाव से मौत की आशंका

मुंबई के बोरीवली पश्चिम स्थित गोराई-मनोरी समुद्रकिनारे पर करीब चार महीने से फंसे एक जहाज में चार लोगों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, ये लोग कथित तौर पर चोरी के इरादे से जहाज के अंदर पहुंचे थे। इसी दौरान जहाज के अंदर गैस रिसाव या ऑक्सीजन की कमी होने से दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

चार महीने से समुद्र किनारे फंसा था जहाज

जानकारी के मुताबिक, एमटी अल जाफजिया नाम का यह जहाज करीब चार महीने पहले मनोरी समुद्रकिनारे पर आकर फंस गया था। जहाज के मालिक के खिलाफ पहले से मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह फिलहाल फरार है और उसके विदेश में होने की संभावना हैप्राथमिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि जहाज का इस्तेमाल तेल से जुड़े कथित अवैध कारोबार के लिए किया जाता था। हालांकि, पुलिस की ओर से इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और इस एंगल से भी जांच की जा रही है।

जहाज पर पहले भी हो चुकी थी चोरी

पुलिस की जांच में जहाज पर पहले चोरी की दो घटनाओं की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि पहली घटना में करीब ढाई लाख रुपये का सामान चोरी हुआ था, जबकि दूसरी बार करीब पांच लाख रुपये का सामान चोरी किए जाने का दावा है। इसके बाद तीसरी बार करीब आठ लोगों की एक टोली स्पीडबोट से जहाज तक पहुंची। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, एक व्यक्ति स्पीडबोट पर ही रुका रहा, जबकि सात लोग जहाज के अंदर दाखिल हुए।

Breaking News

पाइप काटने गए चार लोगों की मौत

बताया जा रहा है कि सात लोगों में से चार जहाज के अंदरूनी हिस्से में पाइप काटने के लिए गए थे। इसी दौरान वहां गैस रिसाव होने की आशंका जताई जा रही है। जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण चारों की दम घुटने से मौत होने की प्राथमिक जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलने के बाद गोराई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए नौसेना को भी सूचना दी गई। नौसेना की मदद से जहाज के अंदर फंसे चारों लोगों के शव बाहर निकाले गए।

महासागरों ने सोखी 40 गुना ज्यादा गर्मी, रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा समुद्र का तापमान

तीन संदिग्ध हिरासत में

पुलिस ने जहाज के आसपास मौजूद तीन अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है कि वे जहाज तक किस मकसद से पहुंचे थे और कथित चोरी के प्रयास के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर लिया है और जहाज के अंदर की स्थिति की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जहाज के अंदर गैस रिसाव किस वजह से हुआ, चारों लोगों की मौत वास्तव में किस कारण हुई और जहाज पर मौजूद अन्य लोगों की इस घटना में क्या भूमिका थी। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की आगे की जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts