मुंबई लोकल ट्रेन में मौत का सफर!22 साल के युवक की हत्या के पीछे क्या है पूरा राज?

मंगलवार रात चर्चगेट-नालासोपारा लोकल के फर्स्ट क्लास डिब्बे में यह वारदात हुई। विवाद के बाद आरोपी ने गोरेगांव और मलाड स्टेशन के बीच युवक पर कई बार चाकू से हमला कर दिया। घायल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बारिश के बीच दरवाजे को लेकर शुरू हुआ विवाद
मंगलवार रात करीब 10:42 बजे मयंक लोहार और रोशन सुवर्णा अंधेरी स्टेशन से चर्चगेट-नालासोपारा लोकल के फर्स्ट क्लास डिब्बे में सवार हुए। उस समय मुंबई में तेज बारिश हो रही थी और खुले दरवाजे से पानी डिब्बे के अंदर आ रहा था। मयंक दरवाजा बंद करना चाहता था, जबकि रोशन उसे खुला रखने की बात पर अड़ा रहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: 16 करोड़ की नई सड़क 2 महीने में उखड़ी, खारुन ओवरब्रिज पर बारिश ने खोली निर्माण की पोल
मयंक को लगातार गाली दे रहा था आरोपी
डिब्बे में मौजूद यात्रियों ने माहौल शांत कराने का प्रयास किया और दोनों को समझाया। यात्रियों की सलाह पर मयंक विवाद से बचने के लिए दूसरी ओर जाकर खड़ा हो गया। हालांकि, आरोपी का गुस्सा कम नहीं हुआ और वह लगातार मयंक को गालियां देता रहा।
चलती ट्रेन में चाकू से किया हमला
जब ट्रेन गोरेगांव और मलाड स्टेशन के बीच पहुंची, तभी आरोपी ने अपने बैग से चाकू निकाल लिया। उसने मयंक के सीने और पेट पर कई बार वार किए। अचानक हुए इस हमले से डिब्बे में अफरा-तफरी मच गई और यात्री डर गए। गंभीर रूप से घायल मयंक खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: OBC सर्वे में बड़ी गड़बड़ी! आय, संपत्ति और सरकारी योजनाओं का डेटा निकला गलत, आयोग ने जताई नाराजगी
अस्पताल में तोड़ा दम, आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद आरोपी ट्रेन से फरार हो गया। घायल मयंक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। रेलवे पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी रोशन सुवर्णा को पनवेल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि एक मामूली विवाद इतनी हिंसक घटना में कैसे बदल गया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी के पास ट्रेन के भीतर चाकू कैसे पहुंचा। इस घटना ने लोकल ट्रेनों में सुरक्षा जांच और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।












