सरकार की तारीफ पड़ी भारी? बिजनेसमैन को पाकिस्तानी नंबर से धमकी, आरोपी गिरफ्तार

मुंबई में एक बिजनेसमैन को पाकिस्तान के नंबर से धमकी मिलने का मामला सामने आया है। बिजनेसमैन इम्तियाज खत्री ने बांद्रा के गरीब नगर इलाके में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई की तारीफ की थी। इसके बाद उन्हें WhatsApp कॉल और वॉइस नोट के जरिए धमकी दी गई। मामले की जांच कर रही मुंबई क्राइम ब्रांच ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ निवासी 45 वर्षीय मोहम्मद शरीफ को गिरफ्तार किया है।
सरकार की कार्रवाई की तारीफ के बाद मिली धमकी
जानकारी के मुताबिक, इम्तियाज खत्री ने बांद्रा के गरीब नगर इलाके में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई को लेकर सरकार की तारीफ की थी। इसके बाद उन्हें पाकिस्तान के एक नंबर से WhatsApp कॉल और वॉइस नोट के जरिए धमकियां मिलने लगीं। शिकायत के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से पाकिस्तान के नंबर के साथ सीधे संपर्क के सबूत मिले। पुलिस ने दोनों के बीच हुई बातचीत और संपर्क से जुड़े कई अहम सबूत भी बरामद किए हैं।
सतारा से पकड़ा गया आरोपी
क्राइम ब्रांच ने इस मामले में सतारा से मोहम्मद शरीफ को गिरफ्तार किया है। 45 वर्षीय शरीफ मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के पुंछ का रहने वाला है। आरोपी को मुंबई की अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे 13 सितंबर तक क्राइम ब्रांच की कस्टडी में भेज दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बिजनेसमैन को धमकी देने के पीछे असल वजह क्या थी और इसमें कितने लोग शामिल हैं।
मुंबई में कई इलाकों में कर चुका है काम
शुरुआती जांच में सामने आया है कि मोहम्मद शरीफ साल 2008 में मुंबई आया था। उसने अंधेरी, साकीनाका, जोगेश्वरी और बांद्रा जैसे इलाकों में वॉचमैन के तौर पर काम किया था। फिलहाल वह सतारा में रह रहा था। पुलिस अब आरोपी के पुराने संपर्कों और उसकी गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
सत्य निकेतन हादसे के बाद दहशत में छात्र! PG छोड़ कॉलेज पहुंचे 72 विद्यार्थी, अब सिस्टम पर सवाल...
आरोपी के पिता PoK में रहते हैं
मामले में एक और कड़ी आरोपी के परिवार से जुड़ी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद शरीफ के पिता PoK में रहते हैं। क्राइम ब्रांच ने आरोपी की पत्नी शबनम और उसके भतीजे से भी पूछताछ की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी का पाकिस्तान में मौजूद नंबर से किस तरह संपर्क हुआ और क्या इस धमकी के पीछे कोई सीमा पार कनेक्शन है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि बिजनेसमैन को धमकी देने की साजिश में आरोपी के अलावा कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।




















