PlayBreaking News

MP Weather Update : मध्य प्रदेश में गर्मी का सितम जारी... पृथ्वीपुर, रतलाम, दतिया और नौगांव में पारा 45 के पार, मौसम विभाग ने 'लू' की चेतावनी जारी की

Follow on Google News
MP Weather Update : मध्य प्रदेश में गर्मी का सितम जारी... पृथ्वीपुर, रतलाम, दतिया और नौगांव में पारा 45 के पार, मौसम विभाग ने 'लू' की चेतावनी जारी की
भोपाल। मध्य प्रदेश में गर्मी का सितम जारी है। बीते कई दिनों से चल रही हीटवेव ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सोमवार को मध्य प्रदेश में निवाड़ी जिले का पृथ्वीपुर सबसे गर्म रहा। यहां पारा 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं छतरपुर जिले का नौगांव, रतलाम और दतिया भी गर्मी कहर बरपा। यहां पारा 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि, खजुराहो में पारा 44.8 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार को दतिया में तापमान कम हुआ है। यहां दिन का अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को दतिया में 47.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। वहीं राजगढ़ में पारा 45 डिग्री रहा।

गर्मी के रहे तीखे तेवर

भोपाल में पारा 41.8 डिग्री, इंदौर में 43.1 डिग्री, ग्वालियर में 44.7 डिग्री, जबलपुर में 41.2 डिग्री, उज्जैन में 44 डिग्री, शिवपुरी में 44.2 डिग्री, शाजापुर-गुना में 44.6 डिग्री, खजुराहो में 44.8 डिग्री पारा दर्ज किया गया है। वहीं रायसेन, नरसिंहपुर, खरगोन, दमोह, खंडवा, धार और टीकमगढ़ में भी सोमवार को गर्मी के तेवर तीखे रहे।

प्रदेश 5 बड़े शहरों का तामपान

शहर अधिकतम तापमान
ग्वालियर 44.7 डिग्री
उज्जैन 44 डिग्री
भोपाल 41.8 डिग्री
इंदौर 43.1 डिग्री
जबलपुर 41.2 डिग्री

बिजली और ओले का अलर्ट

मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया कि प्रदेश में तेज गर्मी के साथ तेज आंधी की भी संभावना हैं। अशोकनगर, बैतूल, दमोह, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, पन्ना, सतना में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवा के साथ बिजली और ओले गिरने के आसार। जबकि शिवपुरी, गुना, सागर, मैहर, कटनी, जबलपुर, मंडला, नरसिंहपुर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, छतरपुर, दक्षिणी हरदा, श्योपुर, उमरिया, शहडोल, डिंडोरी, धार, इंदौर, उज्जैन, नीमच, रतलाम में शाम के समय़ आंधी के साथ बिजली चमकने की संभावना जताई है।

इन जिलों में लू की चेतावनी

मौसम विभाग ने लू को लेकर चेतावनी जारी की है। जिसमें ग्वालियर, भिंड, दतिया, मुरैना, गुना, शिवपुरी, राजगढ़, रतलाम, बड़वानी, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिला शामिल है।

वेस्टर्न डिस्टरबेंस ट्रफ लाइन के साथ एक्टिव

मध्य प्रदेश मौसम विभाग के अनुसार, नॉर्थ-ईस्ट राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम है। वहां से एक ट्रफ लाइन भी गुजर रही है। मध्य प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) ट्रफ लाइन के साथ एक्टिव है। वहीं एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर होगा। इसके चलते कहीं तेज गर्मी है तो कहीं बारिश-आंधी है। खासकर दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में बारिश-आंधी हो रही है। उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में टेम्प्रेचर बढ़ रहा है। रविवार को भी तेज गर्मी रही।  

गर्मी में क्यों बढ़ता है स्ट्रोक का खतरा?

जेपी अस्पताल के सविल सर्जन डॉ. राकेश श्रीवास्तव के अनुसार गर्मी बढ़ने के कारण शरीर खुद को ठंडा ठीक से नहीं कर पाता है। इसके कारण रक्त पतला होने लगता है। इसे हाइपरकोएगुएबल स्टेट कहते हैं। गर्मी ज्यादा बढ़ने के कारण ब्लड क्लॉट होने का खतरा बढ़ जाता है। जिसके कारण स्ट्रोक का जोखिम बढ़ता है। इसलिए गर्मी में जरूरी है कि खुद को हाइड्रेट रखें। इसके साथ ही हीट स्ट्रोक में तेज गर्मी व लू की चपेट में आने से शरीर का तापमान बढ़ जाता है। जिसके चलते शरीर का नेचुरल कुलिंग सिस्टम हैंग हो जाता है, यानी काम नहीं करता है। ऐसे में सही उपाय अपनाने जरूरी हैं। यह स्थिति कई बार मौत का कारण भी बन जाती है।

हीट स्ट्रोक की स्थिति में ऐसे करें बचाव

सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर तिवारी ने बताया कि हीट स्ट्रोक जानलेवा हो सकता है। तापघात की स्थिति में मरीज शॉक में चला जाता है। लू लगने की स्थिति में सबसे पहले मरीज को पानी पिलाकर शरीर के तापमान को कम करने के उपाय किए जाने चाहिए। सामान्य तापमान के पानी में कपड़े को भिगों कर शरीर पर मलना चाहिए। शरीर में पानी की कमी न हो इसका विशेष ध्यान रखें। साथी ही जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया जाए।

आम जनता के लिए एडवाइजरी, करें ये उपाय

  1. धूप और प्यास से बचें
  2. पानी, छाछ, ओआरएस का घोल, लस्सी, नींबू पानी, आम का पना पिएं
  3. दोपहर 12 से 3 के बीच न निकलें बाहर
  4. धूप में जाएं तो सिर ढका रहे, टोपी, गमछा, छतरी और दुपट्टे का करें प्रयोग
  5. तला हुआ और गरिष्ठ भोजन न करे, मादक पदार्थ, शराब, चाय और कॉफी का भी करें परहेज
  6. ज्यादा गर्मी होने पर ठंडे पानी से शरीर पोंछे या बार-बार करें स्नान
  7. टाइट और सिंथेटिक के बजाय ढीले-ढाले सूती कपड़ों का करें प्रयोग
मध्य प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts