Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

देश के पहले IIT में अब डॉक्टर बनने का मौका, IIT खड़गपुर में होगी मेडिकल की पढ़ाई; NMC से मिली मंजूरी

देश का सबसे पुराना और पहला आईआईटी, आईआईटी खड़गपुर अब मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाने जा रहा है। संस्थान शैक्षणिक सत्र 2026-27 से राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) से मान्यता प्राप्त पोस्टग्रेजुएट मेडिकल डिग्री (MD) प्रोग्राम शुरू करेगा। इसके साथ ही आईआईटी खड़गपुर देश का पहला ऐसा आईआईटी बन गया है, जहां पीजी मेडिकल की पढ़ाई शुरू होने जा रही है।
देश के पहले IIT में अब डॉक्टर बनने का मौका, IIT खड़गपुर में होगी मेडिकल की पढ़ाई; NMC से मिली मंजूरी
IIT खड़गपुर में होगी मेडिकल की पढ़ाई

अब तक आईआईटी का नाम इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी और रिसर्च के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन इस पहल से संस्थान मेडिकल शिक्षा में भी अपनी जगह बनाने की तैयारी में है। आईआईटी खड़गपुर के डॉ. बी.सी. रॉय मल्टी-स्पेशियलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर में एमडी कोर्स के पहले बैच की पढ़ाई शुरू होगी। इन कोर्सेज में दाखिला NEET-PG की ऑनलाइन काउंसलिंग के जरिए दिया जाएगा।

इंजीनियरिंग के साथ मेडिकल रिसर्च पर भी रहेगा जोर

आईआईटी खड़गपुर के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने इस पहल को संस्थान के विजन की दिशा में अहम कदम बताया है। उनका कहना है कि देश का पहला आईआईटी अब मेडिकल एजुकेशन के भविष्य को आकार देने की तैयारी कर रहा है। संस्थान का लक्ष्य सिर्फ विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार करना नहीं, बल्कि मेडिकल और टेक्नोलॉजी के बीच बेहतर तालमेल बनाना भी है। इसके तहत क्लिनिकल एक्सीलेंस के साथ इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ट्रांसलेशनल रिसर्च को जोड़ने पर ध्यान दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें: दिल्ली में कृत्रिम बारिश कराने की तैयारी, IIT कानपुर कर रहा है क्लाउड-सीडिंग का अध्ययन, AQI 400 के करीब

AI और इंजीनियरिंग के मेल से तैयार होंगे डॉक्टर

निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने बताया कि संस्थान ऐसा इकोसिस्टम विकसित करना चाहता है, जहां मेडिकल शिक्षा के साथ नई तकनीकों और रिसर्च को भी बढ़ावा मिले। उन्होंने कहा कि यहां से पढ़ाई करने वाले छात्र सिर्फ अच्छे डॉक्टर ही नहीं, बल्कि इनोवेटर्स भी बनें। ऐसे डॉक्टर तैयार करने की योजना है, जो स्वास्थ्य से जुड़ी बड़ी चुनौतियों के समाधान खोजने में योगदान दे सकें। शैक्षणिक सत्र 2026-27 का पहला बैच इस नई पहल की शुरुआत करेगा और आईआईटी में पीजी मेडिकल शिक्षा की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।

छह विषयों में शुरू होंगे MD प्रोग्राम, कुल 12 सीटें

आईआईटी खड़गपुर ने पहले बैच के लिए कुल छह विषयों में एमडी प्रोग्राम शुरू किए हैं। इनमें जनरल मेडिसिन, रेडियोलॉजी, फिजियोलॉजी, पैथोलॉजी, कम्युनिटी मेडिसिन और बायोकेमिस्ट्री शामिल हैं। हर विषय के लिए दो-दो सीटें तय की गई हैं। इस तरह सभी छह विषयों को मिलाकर कुल 12 सीटों पर छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। यह आईआईटी सिस्टम के इतिहास में पीजी मेडिकल शिक्षा का पहला बैच होगा।

Breaking News

NEET-PG काउंसलिंग से मिलेगा दाखिला

आईआईटी खड़गपुर के एमडी प्रोग्राम में प्रवेश के लिए उम्मीदवारों को NEET-PG की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया से गुजरना होगा। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ये कोर्स काउंसलिंग के राउंड-2 में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। उम्मीदवारों का चयन तय पात्रता शर्तों, आधिकारिक काउंसलिंग शेड्यूल और सीट मैट्रिक्स के आधार पर किया जाएगा। देश के पहले आईआईटी से पीजी मेडिकल की पढ़ाई करने के इच्छुक छात्रों को इसी प्रक्रिया के जरिए दाखिला मिल सकेगा।

पहले बैच के छात्र बनेंगे आईआईटी के मेडिकल इतिहास का हिस्सा

आईआईटी खड़गपुर में एमडी प्रोग्राम शुरू होने से संस्थान के शैक्षणिक दायरे का विस्तार होगा। अब तक इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी के लिए पहचान रखने वाला यह संस्थान मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी रिसर्च में भी योगदान देगा। पहले बैच में चुने जाने वाले 12 छात्रों को आईआईटी सिस्टम के इतिहास में पीजी मेडिकल छात्रों की पहली पीढ़ी का हिस्सा बनने का मौका मिलेगा। संस्थान को उम्मीद है कि मेडिकल साइंस, इंजीनियरिंग और AI के मेल से भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी नई तकनीकों और समाधानों को बढ़ावा मिलेगा।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts