Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP Weather Update :भोपाल-इंदौर समेत तपेगा पूरा प्रदेश, 12 मई से लू का अलर्ट; रतलाम 44°C के साथ सबसे गर्म

मध्य प्रदेश में अब आंधी-बारिश का दौर खत्म होने जा रहा है। मौसम विभाग ने 12 मई से कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। रतलाम में तापमान 44 डिग्री पहुंच गया है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर समेत कई शहरों में अगले 4 दिन तेज गर्मी पड़ेगी।
भोपाल-इंदौर समेत तपेगा पूरा प्रदेश, 12 मई से लू का अलर्ट; रतलाम 44°C के साथ सबसे गर्म

भोपाल। मध्य प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर अब थमता नजर आ रहा है। मौसम साफ होते ही प्रदेश में तेज गर्मी की वापसी शुरू हो गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 12 मई से कई जिलों में हीटवेव यानी लू चलने का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार से ही तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत प्रदेश के ज्यादातर शहरों में दिन का तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। अगले चार दिनों में कई शहरों का पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

10 दिन तक बारिश के बाद अब बदलेगा मौसम

प्रदेश में 30 अप्रैल से लगातार मौसम बदला हुआ था। कभी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहा तो कभी ट्रफ और चक्रवाती परिसंचरण का असर देखने को मिला। इसी वजह से मई के पहले सप्ताह में प्रदेशभर में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहा।

शनिवार को भी भोपाल, बैतूल, सिवनी, पांढुर्णा, डिंडौरी, अनूपपुर, रायसेन, गुना, विदिशा, राजगढ़, सागर, जबलपुर, दमोह, बालाघाट, मंडला, उमरिया, शहडोल और छिंदवाड़ा में बारिश और तेज आंधी देखने को मिली। हालांकि अब मौसम विभाग का कहना है कि, प्रदेश में बारिश देने वाले सिस्टम कमजोर पड़ चुके हैं और 10 मई से मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। इसके बाद धूप तेज होगी और गर्मी का असर तेजी से बढ़ेगा।

मौसम वैज्ञानिक ने क्या कहा?

सीनियर मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, मध्य प्रदेश में अब गर्म हवाओं का प्रभाव बढ़ने लगेगा। पश्चिमी मध्यप्रदेश के कई जिलों में 12 और 13 मई को लू चलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि, साफ आसमान और तेज धूप की वजह से दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी होगी। खासकर पश्चिमी और उत्तरी जिलों में गर्मी ज्यादा परेशान कर सकती है।

4 दिन ऐसा रहेगा मौसम

10 और 11 मई: तेज गर्मी का असर

10 और 11 मई को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा, सागर, जबलपुर, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर और नर्मदापुरम समेत अधिकांश जिलों में तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

धार, रतलाम, मंदसौर, देवास, शाजापुर, मुरैना, भिंड, दतिया, सागर, दमोह और छतरपुर में भी गर्म हवाओं का असर रहेगा।

12 और 13 मई: इन जिलों में हीटवेव

मौसम विभाग ने 12 और 13 मई के लिए रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंच सकता है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सतना, सागर, बैतूल, हरदा, गुना, शिवपुरी, श्योपुर और नर्मदापुरम में भी तेज गर्मी पड़ने की संभावना है।

रतलाम सबसे गर्म, कई शहरों में 42 डिग्री पार

शनिवार को रतलाम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं धार, उज्जैन, इंदौर और खरगोन में भी तेज गर्मी का असर देखने को मिला।

प्रमुख शहरों का तापमान

शहर

अधिकतम तापमान

रतलाम

44.0°C

धार

42.6°C

उज्जैन

42.5°C

इंदौर

42.0°C

खरगोन

42.0°C

गुना

41.8°C

खंडवा

41.5°C

भोपाल

41.0°C

खजुराहो

41.0°C

रायसेन

40.6°C

सागर

40.3°C

बैतूल

40.2°C

दमोह

40.0°C

जबलपुर

39.2°C

ग्वालियर

38.6°C

सामान्य से ज्यादा दर्ज हुआ तापमान

कुछ शहरों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर रिकॉर्ड किया गया।

शहर

सामान्य से अंतर

रतलाम

+4.3°C

धार

+2.7°C

उज्जैन

+2.1°C

इंदौर

+1.8°C

भोपाल

+0.2°C

लोगों के लिए मौसम विभाग की एडवाइजरी

तेज गर्मी और लू को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

क्या करें?

  • दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।
  • शरीर को हाइड्रेट रखें।
  • दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें।
  • हल्के रंग और सूती कपड़े पहनें।
  • बाहर निकलते समय सिर और चेहरे को ढंककर रखें।
  • बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
  • ज्यादा देर तक खाली पेट बाहर न रहें।
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts