Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ग्वालियर में रात 11:30 बजे चलीं गोलियां, दो युवक घायल; CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

ग्वालियर के हजीरा इलाके में पैसों के विवाद के बाद दो युवकों को गोली मार दी गई। एक के पेट और दूसरे के पैर में गोली लगी। वारदात CCTV में कैद हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और शहर में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है।
ग्वालियर में रात 11:30 बजे चलीं गोलियां, दो युवक घायल; CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
ग्वालियर के हजीरा इलाके में पैसों के विवाद के बाद दो युवकों को गोली मार दी गई।

ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र में बुधवार रात पैसों के लेन-देन को लेकर चल रहा विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरामिल इलाके में रात करीब 11:30 बजे दो युवकों को गोली मार दी गई। हमले में एक युवक के पेट में गोली लगी है, जबकि दूसरे के पैर में गोली लगी है। पेट में गोली लगने वाले युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात के दौरान हमलावर काले रंग की बोलेरो से मौके पर पहुंचे थे। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गई। अब पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

पैसों के विवाद में आमना-सामना

पुलिस के मुताबिक कांच मिल निवासी धीरज तोमर, अजय तोमर और लल्ला गुर्जर का अन्नू तोमर और सादिक खान के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार रात इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आरामिल इलाके में आमने-सामने आ गए। बताया जा रहा है कि पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने के बाद अचानक गोलियां चलने लगीं।

घर के बाहर खड़ा था अजय

घायल अजय तोमर के मुताबिक वह अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान उसे विवाद की जानकारी मिली और वह वहां पहुंचा। अजय के अनुसार, वह मौके पर पहुंचा ही था कि अचानक गोली चल गई। एक गोली उसके पेट में जा लगी। गोली लगने के बाद अजय गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसी दौरान सादिक खान के पैर में भी गोली लग गई।

ये भी पढ़ें: भोपाल में आज जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’! ढाई लाख दीपों से रोशन होंगे 28 स्थान, आखिर क्या है खास?

लोगों ने पुलिस को दी सूचना

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पेट में गोली लगने के कारण अजय की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

ये भी पढ़ें: गाजियाबाद में बच्चों से भरी वैन पलटी, हादसे के बाद मचा हड़कंप, सभी बच्चे सुरक्षित

CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश

हजीरा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि घायलों की शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली है। CCTV फुटेज में धीरज तोमर, अजय तोमर और लल्ला गुर्जर की मौजूदगी सामने आने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम और गोली चलाने वाले आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

आरोपियों की तलाश में दबिश

पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें लगाई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही शहर में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच भी की जा रही है। फिलहाल पुलिस का फोकस आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के पीछे हुए विवाद की पूरी वजह सामने लाने पर है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...Read More

Latest Posts