PU Special :MP के सरकारी स्कूलों में 80% बच्चे कक्षा के स्तर से पीछे, तीन महीने चलेगा दक्षता सुधार अभियान

मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में राज्य शिक्षा केंद्र के आकलन में करीब 80 प्रतिशत बच्चे कक्षा के अनुरूप दक्षताओं में पीछे मिले हैं। मिशन अंकुर के तहत कक्षा 2 से 5 तक के 27.82 लाख विद्यार्थियों के लिए 16 नवंबर से 16 फरवरी तक विशेष सुधार अभियान चलेगा।
MP के सरकारी स्कूलों में 80% बच्चे कक्षा के स्तर से पीछे, तीन महीने चलेगा दक्षता सुधार अभियान
MP के सरकारी स्कूलों में 80% बच्चे कक्षा के स्तर से पीछे

रामचन्द्र पाण्डेय, भोपाल। मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले पांच में से चार बच्चे अपनी कक्षा के अनुरूप पढ़ने-लिखने और गणित की बुनियादी दक्षताओं में पीछे हैं। राज्य शिक्षा केंद्र के आकलन में करीब 80 प्रतिशत विद्यार्थियों का प्रदर्शन अपेक्षित स्तर से नीचे पाया गया है। यानी केवल 20 प्रतिशत बच्चे ही अपनी कक्षा के अनुरूप दक्षता हासिल कर सके हैं। यह स्थिति प्रदेश के करीब 80 हजार प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में बुनियादी शिक्षा की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करती है। इस स्थिति को सुधारने के लिए राज्य शिक्षा केंद्र ने मिशन अंकुर के तहत दक्षता आधारित रेमेडिएशन यानी सुधार कार्यक्रम शुरू करने के निर्देश दिए हैं। यह अभियान 16 नवंबर 2026 से 16 फरवरी 2027 तक चलेगा। इसके तहत कक्षा 2 से 5 तक के विद्यार्थियों को उनकी वास्तविक सीखने की क्षमता के आधार पर अलग-अलग समूहों में बांटकर पढ़ाया जाएगा। हिंदी, अंग्रेजी और गणित की बुनियादी दक्षताओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कार्यक्रम का लक्ष्य बच्चों को उनकी कक्षा के अनुरूप सीखने के स्तर तक पहुंचाना है। राज्य शिक्षा केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक कक्षा 2 से 5 तक प्रदेश में कुल 27.82 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इस संबंध में राज्य शिक्षा केंद्र के डायरेक्टर हरजिन्दर सिंह से चर्चा करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

आकलन के बाद बनेंगे दक्षता आधारित समूह

रेमेडिएशन कार्यक्रम के तहत सबसे पहले विद्यार्थियों की भाषा और गणित संबंधी दक्षताओं का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर समान सीखने के स्तर वाले बच्चों के अलग-अलग समूह बनाए जाएंगे। शिक्षकों को समूहवार शिक्षण, नियमित अभ्यास और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की कमजोरियां दूर करनी होंगी। जो विद्यार्थी स्वयं अभ्यास करके सीखने में सक्षम हैं, उन्हें अलग समूह में रखा जाएगा। वहीं जिन बच्चों को शिक्षक की अतिरिक्त मदद की जरूरत है, उनके लिए अलग समूह बनाकर विशेष शिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। इस दौरान बच्चों की प्रगति पर नियमित निगरानी रखी जाएगी और समय-समय पर उनका पुनर्मूल्यांकन भी किया जाएगा।

हिंदी, अंग्रेजी और गणित की इन दक्षताओं पर रहेगा जोर

कार्यक्रम में बच्चों की सीखने की क्षमता के अनुसार तीनों विषयों की बुनियादी दक्षताओं पर काम किया जाएगा।

  • हिंदी: सुनना, बोलना, अक्षरों और शब्दों की पहचान, पढ़ना और लिखना।
  • अंग्रेजी: अक्षरों की पहचान, ध्वनि समझना, शब्द पढ़ना और सरल वाक्य बनाना।
  • गणित: संख्या-बोध विकसित करना और बुनियादी गणनाएं करना।

शिक्षक गतिविधि आधारित शिक्षण और अभ्यास के जरिए इन दक्षताओं को मजबूत करेंगे, ताकि बच्चे अपनी कक्षा के अपेक्षित स्तर तक पहुंच सकें।

Featured News

चार कक्षाओं में 27.82 लाख विद्यार्थी

राज्य शिक्षा केंद्र के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में कक्षा 2 से 5 तक विद्यार्थियों की संख्या इस प्रकार है:

कक्षा

विद्यार्थियों की संख्या

दूसरी

4.95 लाख

तीसरी

6.92 लाख

चौथी

7.56 लाख

पांचवीं

8.39 लाख

कुल

27.82 लाख

इन सभी विद्यार्थियों की बुनियादी दक्षताओं में सुधार के लिए अभियान के दौरान विशेष शिक्षण और नियमित आकलन की व्यवस्था की जाएगी।

नियमित पढ़ाई के बावजूद पीछे रह जाते हैं बच्चे

शिक्षाविद एवं आरटीआई एक्टिविस्ट रमाकांत पाण्डेय के मुताबिक नियमित कक्षाओं में अक्सर पाठ्यक्रम पूरा कराने पर अधिक जोर दिया जाता है जबकि हर बच्चे की सीखने की क्षमता और समझ का स्तर अलग होता है। एक ही कक्षा में सभी बच्चों को समान गति से पढ़ाने के कारण कमजोर विद्यार्थी पीछे छूटते जाते हैं। शुरुआती कक्षाओं में अक्षर पहचानने, शब्द पढ़ने, वाक्य समझने और गणित की बुनियादी अवधारणाएं स्पष्ट नहीं होने से आगे की पढ़ाई भी कठिन हो जाती है। नियमित आकलन के बावजूद कमजोर बच्चों को व्यक्तिगत अभ्यास और अतिरिक्त समय नहीं मिल पाता। इससे सीखने की खाई लगातार बढ़ती जाती है। उन्होंने कहा कि रेमेडिएशन कार्यक्रम की जरूरत इसी वजह से पड़ी है। इसका उद्देश्य बच्चों को उनकी कक्षा के अनुरूप दक्षता स्तर तक पहुंचाना है।

PU Special : एमपी के 55 लाख स्कूली बच्चों को अब तक नहीं मिली यूनिफॉर्म, 13 जिलों में प्रोफाइल अपडेट का काम अटका

गतिविधि आधारित शिक्षण पर रहेगा जोर

स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि मिशन अंकुर के तहत बच्चों की बुनियादी दक्षताओं में सुधार के लिए विशेष कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों को उनकी सीखने की क्षमता के अनुसार अलग-अलग समूहों में बांटकर पढ़ाया जाएगा। हिंदी, अंग्रेजी और गणित में उनकी दक्षता बढ़ाने के लिए गतिविधि आधारित शिक्षण पर जोर रहेगा।

Dr. Sumit Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts