PU Special :मैगी-ओट्स से आगे अब हेल्दी कुकिंग सीख रहीं होने वाली दुल्हनें, प्रोटीन-न्यूट्रिशन और कैलोरी का हिसाब समझने में भी दिलचस्पी

प्रभा उपाध्याय, इंदौर। शादी की तैयारियों में अब होने वाली दुल्हनों की एक नई तैयारी भी जुड़ गई है। कपड़ों, ज्वेलरी और मेकअप के साथ वे किचन में भी खुद को तैयार कर रही हैं। शादी नजदीक आते ही युवतियां कुकिंग क्लास जॉइन कर रही हैं। खास बात यह है कि उनकी दिलचस्पी सिर्फ रोटी, सब्जी और दाल बनाना सीखने तक सीमित नहीं है। मैगी और ओट्स से आगे बढ़कर वे हेल्दी फूड, न्यूट्रिशन, प्रोटीन युक्त डिशेज और हेल्दी जूस बनाना सीख रही हैं। किस खाने में कितनी कैलोरी है और उसमें कितना प्रोटीन मिलता है, इसका हिसाब समझने में भी उनकी रुचि बढ़ रही है।
मैगी से हेल्दी मील तक बदली पसंद

एक युवती कौस्तुभी बताती हैं कि पहले भूख लगने पर मैगी बना लेना ही उन्हें आसान लगता था, लेकिन अब वे अपनी सेहत और खानपान को लेकर जागरूक हुई हैं। उन्हें फ्रूट सलाद और हेल्दी जूस बनाना पसंद है। वहीं अवनी की शादी होने वाली है और वे पहले नौकरी करती थीं। अवनी बताती हैं कि पहले भूख लगने पर वे रोटी बनाकर ही अपना खाना पूरा कर लेती थीं, लेकिन अब कुकिंग सीखते हुए समझ आया कि शरीर को सिर्फ कार्बोहाइड्रेट नहीं, प्रोटीन और विटामिन भी चाहिए। अब उन्हें दही के कबाब और दही से बनने वाली अलग-अलग डिशेज बनाना पसंद है। खाना तैयार करते समय वे उसमें प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट और कैलोरी की मात्रा का भी ध्यान रखती हैं।
ये भी पढ़ें: भारत में बढ़ रहा बच्चों का मोटापा, ICMR ने जारी किया बड़ा रोडमैप, जंक फूड पर सख्ती की तैयारी
वर्कशॉप में बढ़ रही Gen Z की संख्या
कुकिंग एक्सपर्ट संध्या मीरचंदानी के अनुसार, इन दिनों नियमित कुकिंग क्लास के मुकाबले वर्कशॉप में युवाओं की संख्या बढ़ी है। इनमें होने वाली दुल्हनों के साथ Gen Z भी शामिल हैं। युवतियां ड्रायफ्रूट्स से बनने वाले आइटम, प्रोटीन युक्त डिशेज और हेल्दी जूस बनाना सीखना चाहती हैं। इसके अलावा विदेश और बाहर रहकर काम करने वाले युवा भी आनलाईन और आफलाईन रोजमर्रा के खाने में रोटी, दाल और सब्जी बनाने की बेसिक कोर्स कर रहे हैँ।
हेल्दी फ्यूजन डिशेज की भी मांग

कुकिंग क्लास में सीख रहीं ये डिशेज
- एयर फ्राइड वेजिटेबल टैकोज
- राजमा और सब्जियों से बने टैकोज
- गेहूं के आटे से व्हाइट सॉस पास्ता
- ज्वार का इंस्टेंट डोसा
- दही के कबाब
- ड्रायफ्रूट्स से बनने वाले हेल्दी आइटम




















