PU Special :आस्था और सीवेज में उलझी चित्रकूट की मंदाकिनी नदी, 103 होटल, धर्मशालाओं और दुकानों को दिए गए नोटिस

संतोष चौधरी, भोपाल। पौराणिक महत्व से जुड़ी मध्यप्रदेश के हिस्से के चित्रकूट की मंदाकिनी नदी इन दिनों आस्था और सीवेज के बीच उलझी नजर आ रही है। प्रदूषित जल और अपशिष्ट प्रबंधन की कमी से धर्मनगरी की जीवनरेखा मानी जाने वाली इस नदी को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। नदी के संरक्षण को लेकर दावे तो कई किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत बताती है कि शहर का गंदा पानी बिना शोधित हुए नदी में मिल रहा है।
NGT के निर्देश पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने की पड़ताल
मंदाकिनी नदी की दशा और दिशा सुधारने के मामले में स्थानीय निवासी नित्यानंद मिश्रा ने नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) में याचिका दायर की थी। एनजीटी के निर्देशों के क्रम में मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एमपीपीसीबी) ने मैदानी पड़ताल की, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में पाया गया कि चित्रकूट क्षेत्र के कई होटल, धर्मशालाएं, आश्रम और अन्य प्रतिष्ठान अपना अनुपचारित अपशिष्ट जल सीधे अथवा नालों के माध्यम से मंदाकिनी नदी में छोड़ रहे हैं। इसके बाद क्षेत्रीय कार्यालय ने ऐसे 103 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर बिना शोधित पानी नदी में न बहाने और सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
अधूरा एसटीपी बना प्रदूषण की बड़ी वजह
मंदाकिनी के प्रदूषण की एक प्रमुख वजह शहर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का काम अधूरा होना है। चित्रकूट के लिए प्रस्तावित एसटीपी का निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हो सका है और इसका संचालन भी शुरू नहीं हुआ है। ठोस और तरल अपशिष्ट के उत्पादन व शोधन के बीच मौजूद इस अंतर के कारण नगर क्षेत्र से निकलने वाले घरेलू व व्यावसायिक गंदे पानी का सीधा दबाव नदी और नालों पर पड़ रहा है।
मानसून के कारण आंकड़े ठीक, पर खतरा बरकरार
एमपीपीसीबी की रिपोर्ट में कहा गया है कि निरीक्षण के दौरान नदी और प्रमुख नालों से लिए गए पानी के नमूनों की जांच में गुणवत्ता फिलहाल निर्धारित मानकों के भीतर पाई गई। हालांकि, बोर्ड ने स्पष्ट किया कि यह स्थिति मानसून सीजन और नदी की प्राकृतिक स्व-शुद्धिकरण (सेल्फ क्लींजिंग) क्षमता के कारण है, जबकि हकीकत यह है कि बिना उपचारित सीवेज लगातार नदी में जा रहा है।
पर्यावरणीय मुआवजा और अभियोजन पर मांगा समय
एनजीटी में हाल ही में हुई सुनवाई के दौरान एमपीपीसीबी के अधिवक्ता ने उल्लंघनकर्ता इकाइयों पर पर्यावरणीय मुआवजा लगाने और अभियोजन की कार्रवाई का विस्तृत ब्योरा पेश करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा, जिसे ट्रिब्यूनल ने स्वीकार कर लिया। मामले की अगली सुनवाई अब 6 जनवरी 2027 को निर्धारित की गई है।
श्रद्धालुओं की चिंता-स्वच्छता की नियमित निगरानी जरूरी
श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मंदाकिनी को निर्मल बनाए रखने के लिए एसटीपी का काम तेजी से पूरा करना, नालों व प्रतिष्ठानों के गंदे पानी पर सख्त रोक लगाना और घाटों के आसपास स्वच्छता की नियमित निगरानी बेहद जरूरी है। जब तक बुनियादी ढांचा दुरुस्त नहीं होगा और बिना शोधित पानी का बहाव पूरी तरह नहीं रुकेगा, तब तक नदी पर प्रदूषण का खतरा बना रहेगा।
वर्ष 2049 की आबादी के हिसाब से तैयार होगा सीवेज सिस्टम
जानकारी के अनुसार, मंदाकिनी नदी के पार चित्रकूट शहर की साल 2049 आबादी के हिसाब से सीवर सिस्टम तैयार होगा। इस पर 3 करोड़ 54 लाख 44 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। दरअसल, चित्रकूट नगर पालिका ने आगामी 30 साल के वॉटर सप्लाई के अनुरुप प्रोजेक्ट बनाया है। इसके हिसाब से अगले 30 साल में 135 लीटर पानी प्रति व्यक्ति प्रतिदिन (एलपीसीडी) उपयोग होगा। उपयोग किया गया पानी सीवर में मिलेगा, जिसकी निकासी के लिए हॉरिजॉन्टल डायरेक्शनल ड्रिलिंग (एचडीडी) टेक्नोलॉजी से मंदाकिनी नदी के पार ट्रेंचलेस सीवर सिस्टम तैयार किया जाना है। वर्तमान में चित्रकूट नगर में 4.80 एमएलडी सीवरेज सिस्टम है।
ये भी पढ़ें: केरवा में पानी बहता रहा, एफटीएल की सीमा नहीं मिल पाई, NGT ने 15 दिन में बहाव रोकने के उपाय करने को कहा
बरसात में ब्रिज ढह गया था इसलिए पाइपलाइन बिछाने में वक्त लग रहा
इस मामले में चित्रकूट नगर परिषद के सीएमओ अंकित सोनी का कहना है कि पूरे शहर में सीवेज लाइन बिछाने, पंपिंग स्टेशन और एसटीपी से जुड़े कार्यों की प्रगति जारी है तथा करीब 95 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। पिछले दिनों बरसात के कारण एक ब्रिज ढह गया था, जिसके ऊपर से जाने वाली पाइपलाइन बिछाने में समय लग रहा है।




















