परीक्षा में नकल कराने से मना किया तो शिक्षकों और छात्रों ने छठवीं के बालक को डंडे से पीटा; हाथ फ्रेक्चर, मुरैना की घटना

मुरैना के बुधारा सरकारी स्कूल में छठवीं कक्षा के छात्र ने परीक्षा में नकल कराने से इनकार किया तो छात्रों और शिक्षकों ने उसकी डंडों से पिटाई कर दी। घटना में छात्र के हाथ की हड्डी टूट गई। एसपी धर्मराज मीणा ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
परीक्षा में नकल कराने से मना किया तो शिक्षकों और छात्रों ने छठवीं के बालक को डंडे से पीटा; हाथ फ्रेक्चर, मुरैना की घटना
मुरैना। पीड़ित छात्र की शिकायत सुनते एसपी धर्मराज मीणा।

मुरैना। जिले में छठवीं कक्षा के एक छात्र द्वारा परीक्षा में नकल कराने से इनकार करने पर छात्रों और शिक्षकों द्वारा कथित रूप से डंडों से बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। पिटाई में छात्र के हाथ की हड्डी टूट गई। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पोरसा थाना प्रभारी को जांच कर आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

बुधारा स्कूल की घटना

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधारा के सरकारी स्कूल में छठवीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र 1 अगस्त को परीक्षा दे रहा था। उसके पीछे परीक्षा दे रहे दो अन्य छात्रों ने उसकी कॉपी से नकल करने का प्रयास किया। उसने नकल कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों छात्रों ने शिक्षकों से इसकी शिकायत की। आरोप है कि इसके बाद छात्रों और शिक्षकों ने समर की डंडों से मारपीट की, जिससे उसके हाथ की हड्डी टूट गई। घटना के बाद छात्र के हाथ पर प्लास्टर चढ़ाया गया।

एसपी ने चॉकलेट देकर ली घटना की जानकारी

 छात्र मंगलवार को अपने दादा के साथ आरोपियों की शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा की जनसुनवाई में पहुंचा। पुलिस अधीक्षक ने छात्र के हाथ में प्लास्टर देखकर उसे अपने पास बैठाया, चॉकलेट खिलाई और प्यार से उसकी परेशानी पूछी। उन्होंने छात्र के हाथ का एक्स-रे भी देखा, जिसमें चोट के कारण हड्डी टूटने की पुष्टि हुई। पुलिस अधीक्षक मीणा ने घटना की गंभीरता को देखते हुए पोरसा थाना प्रभारी को मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

ये भी पढ़ें: मप्र कैबिनेट के फैसले-भोपाल-विदिशा फोरलेन को मंजूरी, इछावर में बनेगा सोयाबीन रिसर्च सेंटर

शिक्षकों को बयान के लिए बुलाया

पोरसा थाना प्रभारी टीआई दिनेश कुशवाहा के मुताबिक एसपी ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मामले की पूरी जांच की जा रही है। शिक्षकों को बयान के लिए बुलाया गया है। उधर, जिला शिक्षा अधिकारी बीएस इंदौलिया का कहना है कि  छात्र अन्य बच्चों के साथ खेलते समय गिर गया था, तभी चोट लग गई। अभी तक इस घटना में शिक्षकों की भूमिका सामने नहीं आई है। 

ये भी पढ़ें: प्लेन में बैठे थे प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी और नकुलनाथ, रनवे पर अचानक इंजन हुआ फेल

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts