आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचे कलेक्टर, बच्चों के बीच बैठकर जाना पोषण, शिक्षा और सुविधाओं का हाल
रायसेन। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने सांची विकासखंड के ग्राम गुदरई स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने नन्हे-मुन्ने बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ समय बिताया और खेल-खेल में आत्मीय संवाद करते हुए उनकी सीखने-समझने की क्षमता एवं विकास संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली।
आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचे कलेक्टर, बच्चों से की बातचीत
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर बच्चों के साथ बैठकर उनसे बातचीत करते नजर आए। उन्होंने बच्चों की खेलकूद और शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जाना। साथ ही यह समझने का प्रयास किया कि आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को किस तरह प्रारंभिक शिक्षा और अन्य गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है।
पोषण आहार और बच्चों की उपस्थिति की जानकारी ली
कलेक्टर ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से बच्चों की नियमित उपस्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को दिए जाने वाले पोषण आहार की जानकारी भी प्राप्त की। इसके अलावा शारीरिक और मानसिक विकास के लिए संचालित गतिविधियों के बारे में जाना। उन्होंने केंद्र में बच्चों को उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला पंचायत सीईओ भी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी भी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं की जमीनी स्थिति देखी जा रही है। इसके लिए अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर रहे हैं।
रायसेन कृषि मंडी में सनसनीखेज लूट, अकाउंटेंट को बंधक बनाकर ईंट से किया हमला; एक आंख को गंभीर नुकसान
बच्चों का सर्वांगीण विकास शासन की प्राथमिकता
बच्चों का बेहतर पोषण और गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा शासन की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को पोषण और शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह के निरीक्षण किए जा रहे हैं।























