shivi - कभी शिक्षक बनकर पूछे सवाल, तो कभी बच्चों के साथ बांटी मुस्कान, स्कूल पहुंचकर कलेक्टर ने परखी बच्चों की शैक्षणिक समझ

रायसेन।मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत सांची विकासखंड के ग्राम गुदरई में आयोजित जिला स्तरीय शिविर के दौरान कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने गांव के शासकीय स्कूल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उनका एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। कभी शिक्षक की भूमिका में बच्चों से सवाल पूछते नजर आए तो कभी उनके साथ मुस्कुराते हुए आत्मीय संवाद करते दिखाई दिए।
कलेक्टर सिसोनिया ने स्कूल की विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से मुलाकात की और पाठ्यपुस्तकों से संबंधित सवाल पूछकर उनकी शैक्षणिक समझ को परखा। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई, पाठ्यक्रम और स्कूल में मिलने वाली शैक्षणिक सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।
इस दौरान कलेक्टर ने बच्चों को बोर्ड पर गणित के सवाल हल करने के लिए दिए और उनके उत्तरों को देखा। बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ सवालों के जवाब दिए। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से सहजता से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया। स्कूल पहुंचने पर बच्चों ने पुष्प भेंट कर कलेक्टर का आत्मीय स्वागत किया।
कलेक्टर का बच्चों के बीच शिक्षक के रूप में सवाल पूछने और उनके साथ मुस्कान बांटने का यह अंदाज स्कूल में चर्चा का विषय रहा। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी भी मौजूद रहे।




















