नई एम्बुलेंस में पुणे से दिल्ली ले जाई जा रही थी प्याज, ‘पीपुल्स समाचार’ की खबर पर हुई जांच

मुरैना। ‘पीपुल्स समाचार’ में पोरसा थाना क्षेत्र में एम्बुलेंस द्वारा प्याज के परिवहन से जुड़ी खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए इसकी जांच की है। थाना प्रभारी पोरसा ने एसपी को भेजे पालन प्रतिवेदन में गल्ला मंडी एवं सब्जी मंडी पोरसा में खाली की गई प्याज की बोरियों की सच्चाई बयां की है।
बिना रजिस्ट्रेशन की दो एम्बुलेंस पहुंची थीं मंडी
जांच में स्पष्ट हुआ कि पोरसा गल्ला मंडी के व्यापारी दिनेश कुमार अशोक कुमार एंड संस (संचालक दिनेश राठौर निवासी धनेटा रोड, पोरसा) ने गल्ला मंडी पोरसा में प्याज की थोक दुकान पर व्यापार के लिए पोरसा कृषि उपज मंडी समिति की पावती रसीद (एलएन 92) प्रस्तुत की। दिनेश राठौर ने पूछताछ में बताया कि 8 अगस्त को सुबह करीब 6.30 बजे बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली दो नई एम्बुलेंस पोरसा गल्ला मंडी पहुंचीं। उनमें प्याज की 47 बोरियां (प्रत्येक बोरी में लगभग 42- 43 किलो) प्याज भरी थीं। यह प्याज दिनेश राठौर ने आजम खान निवासी ग्राम मंगलाइच, थाना सलसलाई, जिला शाजापुर से 33 हजार रुपए में खरीदी थी। उसे आजम खान ने ग्राम मंगलाइच से ही लोड किया था।
ये भी पढ़ें: मंडला में पेट्रोल पंप पर फिल्मी अंदाज में डकैती, 1 मिनट में 93 हजार लूटकर फरार
ड्राइवर और उसका साथी प्याज लेकर आया
एम्बुलेंस चालक हेमू उर्फ हेमराज निवासी ग्राम बंधा हेतमपुर, थाना सरायछोला, जिला मुरैना अपने साथी चालक के साथ पोरसा गल्ला मंडी एम्बुलेंस लेकर आया था। प्याज के भाड़े के रूप में चालक ने अपने परिचित लक्ष्मण पुत्र रामजीलाल शर्मा निवासी बड़ोखर स्टेशन रोड थाना, मुरैना के फोनपे नं. 9009557163 के माध्यम से भाड़े की रकम प्राप्त की थी। व्यापारी दिनेश राठौर ने अपने भाई हरिओम राठौर के फोनपे नंबर 9977422640 से 7 अगस्त को 4,000 रुपए और 1,000 रुपए यानी कुल 5,000 रुपए का ऑनलाइन भुगतान किया था।
दिल्ली शोरूम जा रही थीं नई गाड़ियां
प्याज अनलोड करने के बाद एम्बुलेंस चालकों ने बताया कि वे इन दोनों नई एम्बुलेंस को दिल्ली शोरूम छोड़ने जा रहे हैं और वे मंडी से दिल्ली रवाना हो गए। पुलिस जांच में पता चला कि एम्बुलेंस चालक हेमू उर्फ हेमराज अपने साथी चालक के साथ पुणे कंपनी से नई एम्बुलेंस को लेकर दिल्ली शोरूम जा रहा था। वह रास्ते में शाजापुर के मंगलाइच से प्याज लेकर पोरसा मंडी आया और प्याज खाली कर दिल्ली चला गया।
ये भी पढ़ें: रायपुर में महिला को शराब पिलाकर किया गैंगरेप,नाबालिग सहित 2 आरोपी गिरफ्तार।












