Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मंडला में पेट्रोल पंप पर फिल्मी अंदाज में डकैती, 1 मिनट में 93 हजार लूटकर फरार

मंडला में पेट्रोल पंप पर 6-7 हथियारबंद बदमाशों ने करीब एक मिनट में 93,875 रुपए लूट लिए। नीली स्कॉर्पियो से आए बदमाशों की वारदात CCTV में कैद हुई। पुलिस तलाश में जुटी।
मंडला में पेट्रोल पंप पर फिल्मी अंदाज में डकैती, 1 मिनट में 93 हजार लूटकर फरार
मंडला में पेट्रोल पंप पर डकैती की वारदात CCTV कैमरे में कैद

मंडला जिले में सोमवार तड़के एक पेट्रोल पंप पर हथियारबंद बदमाशों ने बेहद तेजी से डकैती की वारदात को अंजाम दिया। नीली स्कॉर्पियो में पहुंचे 6-7 बदमाशों ने कर्मचारियों को हथियार दिखाकर धमकाया और करीब एक मिनट के भीतर 93,875 रुपए लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है। घटना मनेरी चौकी क्षेत्र में निवास-बरेला मार्ग स्थित अतुलित पेट्रोल पंप की है। वारदात सोमवार सुबह करीब 2:30 बजे हुई। CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

पहले दीवार फांदी, फिर साथियों को बुलाया

CCTV फुटेज में एक नकाबपोश युवक पेट्रोल पंप की दीवार फांदकर परिसर में दाखिल होता नजर आ रहा है। अंदर आने के बाद उसने कुछ देर तक परिसर का जायजा लिया। रेकी करने के बाद युवक ने बाहर मौजूद अपने साथियों को इशारा किया। इसके कुछ ही सेकंड बाद नीले रंग की स्कॉर्पियो पेट्रोल पंप परिसर में पहुंची। वाहन से 6-7 बदमाश उतरे और वहां मौजूद कर्मचारियों को हथियार दिखाकर धमकाना शुरू कर दिया। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि कर्मचारियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

एक कर्मचारी भागा, दूसरे से छीने 9,400 रुपए

वारदात के समय पेट्रोल पंप पर दो कर्मचारी मौजूद थे। बदमाशों के हाथों में हथियार देखकर एक कर्मचारी मौके से भाग निकला। वहीं दूसरे कर्मचारी को बदमाशों ने घेर लिया। उसके पास मौजूद करीब 9,400 रुपए नकद बदमाशों ने छीन लिए। इसके बाद आरोपी पेट्रोल पंप के कार्यालय में पहुंचे।

ऑफिस की दराज से निकाले 84,475 रुपए

कार्यालय में पहुंचने के बाद बदमाशों ने दराज में रखे नकद रुपए भी निकाल लिए। पुलिस के मुताबिक, वहां दो पैकेटों में करीब 84,475 रुपए रखे हुए थे। बदमाशों ने यह रकम भी अपने कब्जे में ले ली। कर्मचारी से छीने गए 9,400 रुपए और कार्यालय से ले जाए गए 84,475 रुपए को मिलाकर कुल 93,875 रुपए की नकदी लूटकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

ये भी पढ़ें: सीहोर में किसानों का अनोखा प्रदर्शन: पेड़ों पर लटकाए बिजली विभाग के पुतले, बोले - नदी पहुंचाएगी CM तक आवाज

नंबर प्लेट ढकी थी, सभी ने पहने थे नकाब

पुलिस के मुताबिक वारदात में इस्तेमाल की गई नीली स्कॉर्पियो की पहचान के लिए CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी सुरागों की जांच की जा रही है। वाहन की आगे की नंबर प्लेट नहीं थी जबकि पीछे की नंबर प्लेट ढकी हुई बताई गई है। सभी बदमाशों ने अपने चेहरे ढक रखे थे। पेट्रोल पंप कर्मचारी ने पुलिस को बताया कि कम से कम दो बदमाशों के हाथ में कट्टा दिखाई दे रहा था।

CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश

वारदात की सूचना मिलते ही मनेरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस पेट्रोल पंप के CCTV फुटेज के अलावा आसपास के इलाकों में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है। बदमाश जिस रास्ते से आए और वारदात के बाद जिस दिशा में फरार हुए, वहां के CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। इसके साथ ही टोल नाकों और प्रमुख मार्गों पर लगे कैमरों से भी स्कॉर्पियो की जानकारी जुटाई जा रही है।

ये भी पढ़ें: Jagdalpur: बस-ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, दोनों ड्राइवर केबिन में फंसे,दर्जनभर से ज्यादा घायल

SP ने मौके पर पहुंचकर दिए सर्च ऑपरेशन तेज करने के निर्देश

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और आरोपियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए। पुलिस अब CCTV फुटेज, वाहन की पहचान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। फिलहाल बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts