नई दिल्ली :शाहदरा इलाके में चार मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग, 9 की मौत, AC में शॉर्ट सर्किट से हुआ धमाका

नई दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा इलाके के विवेक विहार में एक चार मंजिला बिल्डिंग में रविवार सुबह आग लग गई। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है। रेस्क्यू और आग बुझाने के दौरान बिल्डिंग से 10-15 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। घटना में दो लोग मामूली रूप से घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर हॉस्पिटल भेजा गया है। आग दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल के फ्लैट्स में लगी थी। मौके पर 12 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौजूद थीं। साथ ही ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमें भी तैनात थीं।
AC ब्लॉस्ट से आग, 2 घायल
शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग एयर कंडीशनर (AC) में ब्लास्ट के बाद लगी, जिसने देखते ही देखते दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल के फ्लैट्स को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में दो लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर हॉस्पिटल भेजा गया। जहां उनका इलाज जारी है।
शाहदरा डीसीपी ने दी जानकारी
शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। कॉल मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और आग पर नियंत्रण पा लिया गया। फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई और अंदर फंसा न हो।
स्थानीय निवासी चरणजीत सिंह ने आशंका जताई है कि 1-2 परिवार अभी भी इमारत के अंदर फंसे हो सकते हैं। हालांकि प्रशासन लगातार तलाशी अभियान चला रहा है।
स्थानीय रहवासी ने दी जानकारी
स्थानीय निवासी रोहित के अनुसार, रात करीब 3:13 बजे AC में अचानक धमाका हुआ, जिसके बाद आग फैल गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीमें करीब 3:35 बजे मौके पर पहुंचीं। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। जिससे कई जिंगदियां खत्म हो गई, हालांकि 15 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू भी किया गया है।
12 फाइर ब्रिगेड सहित स्थानीय पुलिस मौजूद
आग बुझाने के लिए 12 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर तैनात की गईं। साथ ही ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस ने इलाके को घेरकर राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया। अधिकारियों के मुताबिक, काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
20 लोग बालकनी से बचाए गए
हादसे के दौरान कई लोग बिल्डिंग में फंस गए थे। राहत कार्य में जुटी टीमों ने करीब 20 लोगों को बालकनी और खिड़कियों के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला। कुछ लोगों को सीढ़ियों से निकाला गया, जबकि कई को खिड़कियों के एंगल काटकर बाहर लाया गया।
दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे में भी हुआ हादसा
इस घटना से पहले 29 अप्रैल को राजस्थान के अलवर के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें चलती कार में आग लगने से 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हादसे में मध्य प्रदेश के श्योपुर के एक ही परिवार के 5 लोग शामिल थे, जो वैष्णो देवी से लौट रहे थे।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती तौर पर AC ब्लास्ट को वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिजली उपकरणों का उपयोग सावधानी से करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना दें।











