हार के बाद एक्शन मोड में ममता :बोलीं- जो छोड़कर जाना चाहता है जाए, TMC को फिर से खड़ा करूंगी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में करारी हार के बाद ममता बनर्जी अब एक्शन मोड में नजर आ रही हैं। कोलकाता में पार्टी नेताओं और उम्मीदवारों के साथ हुई अहम बैठक में उन्होंने साफ कर दिया कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) को जमीनी स्तर से फिर खड़ा किया जाएगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि, बंद पड़े पार्टी दफ्तरों को फिर से खोला जाए, उनकी मरम्मत और रंग-रोगन किया जाए। यहां तक कि उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ी तो वह खुद भी दफ्तर पेंट करने के लिए तैयार हैं।
ममता बोली- जो जाना चाहता है, जा सकता है
बैठक में ममता बनर्जी ने बेहद स्पष्ट और सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जो नेता या कार्यकर्ता दूसरी पार्टी में जाना चाहते हैं, वे पूरी तरह स्वतंत्र हैं। वह किसी को भी जबरदस्ती रोकने में विश्वास नहीं रखतीं। यह बयान ऐसे समय आया है जब चुनाव हार के बाद पार्टी में अंदरूनी असंतोष और नेताओं के पाला बदलने की खबरें सामने आ रही हैं। ममता ने संकेत दिया कि अब वह सिर्फ उन लोगों के साथ आगे बढ़ेंगी जो पार्टी के प्रति पूरी तरह वफादार हैं।
संगठन को फिर से खड़ा करने की तैयारी
ममता बनर्जी ने पार्टी नेताओं को निर्देश दिया कि, अगले सात दिनों के भीतर क्षेत्रीय स्तर पर बैठकें शुरू की जाएं। ब्लॉक, नगर और जिला स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए रणनीति तैयार करने को कहा गया है। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि, चुनाव के बाद प्रभावित और विस्थापित हुए लोगों की सूची सीधे उनके कालीघाट स्थित कार्यालय में सौंपी जाए। साथ ही, कानूनी मदद की प्रक्रिया की निगरानी की जिम्मेदारी चंद्रिमा भट्टाचार्य को दी गई है।
TMC का आरोप- जनादेश लूटा गया
बैठक के दौरान ममता बनर्जी ने चुनाव नतीजों पर सवाल उठाते हुए कहा कि, जनता का जनादेश लूटा गया है। उन्होंने दावा किया कि परिणाम वास्तविक जनमत को नहीं दर्शाते, लेकिन इसके बावजूद पार्टी का मनोबल नहीं टूटेगा। तृणमूल कांग्रेस ने कुछ सीटों पर वोटों में गड़बड़ी और EVM से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
सुप्रीम कोर्ट पहुंची TMC
चुनाव नतीजों को लेकर TMC ने कानूनी लड़ाई भी शुरू कर दी है। पार्टी ने 31 सीटों के परिणामों को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। मामला ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) के दौरान हटाए गए वोटरों से जुड़ा है। अदालत ने संकेत दिया है कि अगर जीत का अंतर हटाए गए वोटों से कम है, तो नई याचिकाएं दाखिल की जा सकती हैं।
बंगाल चुनाव 2026: पूरा गणित
|
पार्टी |
2026 सीटें |
2021 सीटें |
अंतर |
2026 वोट% |
2021 वोट% |
अंतर |
|
BJP |
207 |
77 |
+130 |
45.85% |
38.4% |
+7.45% |
|
TMC |
80 |
215 |
-135 |
40.8% |
48.5% |
-7.7% |
|
अन्य |
6 |
2 |
+4 |
13.35% |
13.1% |
+0.25% |
कुल सीटें: 294
बहुमत: 148
फालता सीट पर 21 मई को मतदान
करीबी मुकाबलों का गणित
चुनाव के आंकड़ों के मुताबिक, 30 हजार से कम वोटों के अंतर वाली 176 सीटों में से 128 सीटें BJP ने जीती हैं। वहीं, 117 सीटों पर 30 हजार से ज्यादा अंतर से जीत हुई, जिनमें 79 सीटें BJP के खाते में गईं। TMC की 44 सीटें 30 हजार से कम अंतर से और 36 सीटें 30 हजार से ज्यादा अंतर से जीती गईं। यह आंकड़े बताते हैं कि कई सीटों पर मुकाबला बेहद करीबी था, जिससे विवाद और बढ़ गया है।
फालता सीट पर फिर वोटिंग
फालता विधानसभा सीट पर 29 अप्रैल को मतदान हुआ था, लेकिन EVM छेड़छाड़ के आरोपों के बाद चुनाव आयोग ने दोबारा मतदान कराने का फैसला किया। अब यहां 21 मई को फिर से वोटिंग होगी, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।











