PlayBreaking News

रायसेन : सिलवानी में करंट लगने से बड़ा हादसा, तीन मजदूरों की मौत, 4 घायल; छत ढलाई के बाद लिफ्ट मशीन हटाते समय हुआ हादसा

Follow on Google News
रायसेन : सिलवानी में करंट लगने से बड़ा हादसा, तीन मजदूरों की मौत, 4 घायल; छत ढलाई के बाद लिफ्ट मशीन हटाते समय हुआ हादसा

रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन मजदूरों की करंट लगने से मौत हो गई। जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सिलवानी ब्लॉक के बम्होरी थाना क्षेत्र के ग्राम पड़रिया कला में दोपहर करीब 3 बजे हुआ, जब एक पक्के मकान पर छत ढलाई के बाद मजदूर लिफ्ट मशीन हटाने का प्रयास कर रहे थे।

मकान पर काम कर रहे थे 7 मजदूर

जानकारी के अनुसार, जमनाप्रसाद कहार के पक्के मकान की छत ढलाई का काम पूरा होने के बाद मजदूर मसाला (सीमेंट-कॉन्क्रीट) उठाने वाली लिफ्ट मशीन को हटाने के लिए उसे धक्का लगा रहे थे। इसी दौरान मशीन ऊपर से गुजर रही बिजली की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे मजदूर करंट की चपेट में आ गए।

3 की मौत मौके पर, 4 की हालत गंभीर

आजाद ठाकुर (24), राजेश सिंह (18) और रूपा सिंह बसौड़ (29) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि नीलेश ठाकुर (24), सुरेंद्र कहार (22), कमल कहार (35) और दुर्गेश कहार (35) गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को पहले बम्होरी अस्पताल और फिर सिलवानी सिविल हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे की खबर फैलते ही गांव में हाहाकार मच गया। अस्पताल में घायलों के परिजनों की भीड़ जमा हो गई। मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है, महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर फैल गई है।

प्रशासन मौके पर, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी अनिल मौर्य और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने बताया कि घटना लिफ्ट मशीन हटाते समय करंट लगने के कारण हुई है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

सवालों के घेरे में सुरक्षा मानक

यह हादसा एक बार फिर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी को उजागर करता है। बिना किसी विद्युत सुरक्षा के खुले तारों के नीचे मशीन संचालन और मजदूरों का कार्य करना, नियमों की अनदेखी का बड़ा उदाहरण है। प्रशासन ने हादसे की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की बात कही है।

Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts