Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पंजाब में AAP नेता की दिनदहाड़े हत्या :गुरुद्वारे के बाहर गोलियों से किया छलनी, शेरू ग्रुप ने ली जिम्मेदारी!

पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी के स्थानीय नेता और जालंधर कैंट हलका इंचार्ज लक्की ओबेरॉय की गुरुद्वारे के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस इसे टारगेट किलिंग मानकर जांच कर रही है।
गुरुद्वारे के बाहर गोलियों से किया छलनी, शेरू ग्रुप ने ली जिम्मेदारी!
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    जालंधर। पंजाब के जालंधर में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब आम आदमी पार्टी (AAP) के स्थानीय नेता और जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र के हलका इंचार्ज लक्की ओबेरॉय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात मॉडल टाउन इलाके में स्थित एक गुरुद्वारे के बाहर हुई, जहां वे रोज की तरह माथा टेकने आए थे। दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने न सिर्फ जालंधर बल्कि पूरे पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर बहस छेड़ दी है।

    गुरुद्वारे के बाहर घात लगाकर हमला

    पुलिस के मुताबिक, लक्की ओबेरॉय 6 फरवरी की सुबह करीब 7:15 बजे मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारे में अरदास करने पहुंचे थे। वे नियमित रूप से यहां आते थे। गुरुद्वारे से बाहर निकलकर जैसे ही वे अपनी थार गाड़ी में बैठने लगे, पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमलावर स्कूटी/एक्टिवा पर सवार थे और उन्होंने बेहद करीब से फायरिंग की। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनते ही लोग इधर-उधर भागने लगे।

    कितनी गोलियां लगीं

    डॉक्टरों के अनुसार, लक्की ओबेरॉय को कुल 8 से 9 गोलियां मारी गई थीं। जिनमें से 5 से 6 गोलियां उनके सीने में और एक गोली चेहरे या सिर के पास लगी। फायरिंग के बाद परिजन उन्हें गंभीर हालत में पहले एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे और वहां से श्रीराम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों का कहना है कि अत्यधिक रक्तस्राव और शरीर के कई महत्वपूर्ण अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचने के कारण उन्हें बचाना संभव नहीं हो सका।

    पुलिस ने सील किया इलाका

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके को तुरंत सील कर दिया गया और गुरुद्वारे व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ADCP जयंत पुरी और हरिंदर सिंह गिल के अनुसार, जिलेभर के सभी नाकों पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में इस वारदात को टारगेट किलिंग मानकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

    Twitter Post

    पुलिस जांच में सामने आए 3 अहम बिंदु

    पहले से की गई थी रेकी

    हमलावरों को पता था कि, लक्की ओबेरॉय रोज सुबह किस समय गुरुद्वारे आते हैं और कौन सी गाड़ी चलाते हैं।

    थार में बैठने का इंतजार

    हमलावरों ने तब तक फायरिंग नहीं की, जब तक वे थार में नहीं बैठ गए, ताकि भागने का मौका न मिले।

    गैंगस्टर एंगल की आशंका

    पूरी वारदात पेशेवर अंदाज में अंजाम दी गई, जिससे गैंगस्टरों की भूमिका की आशंका जताई जा रही है।

    25 दिसंबर को मिली थी धमकी

    AAP नेता लक्की ओबेरॉय की हत्या के मामले में जस्स बुट्टर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में उसने लिखा कि खालसा कॉलेज जालंधर में प्रधान की नियुक्ति हमेशा शेरू ग्रुप की सहमति से होती है। उसका कहना है कि, 25 दिसंबर को ही इस मुद्दे को लेकर चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग प्रधानगी वापस लेने की बात करने लगे। पोस्ट में यह भी कहा गया कि, सरदार नछत्तर सिंह बेई हर साल प्रधान तय करते हैं और उसके बाद शेरू ग्रुप से सलाह लेकर नाम सार्वजनिक किया जाता है।

    कौन थे लक्की ओबेरॉय

    विवरण

    जानकारी

    पूरा नाम

    सतिंदर पाल सिंह जोगी (लक्की ओबेरॉय)

    उम्र

    52-53 वर्ष

    पद

    AAP जालंधर कैंट हलका इंचार्ज

    परिवार

    पत्नी, दो बेटियां, एक बेटा, मां, दो भाई

    राजनीतिक जुड़ाव

    AAP

    पत्नी

    सिमरन- नगर निगम चुनाव लड़ चुकी हैं

    विपक्ष बोले- सत्ताधारी नेता भी सुरक्षित नहीं

    शिरोमणि अकाली दल

    सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि, AAP की ‘जीरो फियर’ सरकार में पंजाब खून से लथपथ है। हालात इतने खराब हैं कि सत्ताधारी पार्टी के नेता भी सुरक्षित नहीं।

    कांग्रेस

    प्रताप सिंह बाजवा ने सवाल उठाया कि, अगर सत्ताधारी दल के नेता ही सुरक्षित नहीं, तो आम नागरिकों के लिए क्या उम्मीद बची है?

    कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि, पंजाब को मजबूत और जिम्मेदार मुख्यमंत्री की जरूरत है।

    कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल

    इस हत्या ने एक बार फिर पंजाब में बढ़ते अपराध, गैंगवार और टारगेट किलिंग की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है। गुरुद्वारे जैसे धार्मिक स्थल के बाहर दिनदहाड़े वारदात ने आम लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts