मैहर में मां शारदा के दरबार में उमड़े 1.40 लाख श्रद्धालु, दृष्टिबाधित भक्तों को मिली सुगम दर्शन की सुविधा
मैहर। मां शारदा देवी धाम में शारदीय नवरात्र मेले के पांचवें दिन गुरुवार को 1 लाख 40 हजार 266 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। सुबह 4 बजे से रात 9 बजे तक चले दर्शन के दौरान सबसे ज्यादा 1 लाख 27 हजार 784 श्रद्धालु पैदल सीढ़ियों के रास्ते मंदिर पहुंचे।
रोपवे से 5,300 भक्तों ने किए दर्शन
मेला कंट्रोल रूम के आंकड़ों के मुताबिक, पंचमी पर 5,300 श्रद्धालु रोपवे और 1,362 श्रद्धालु वैन मार्ग से मंदिर पहुंचे। पैदल, रोपवे और वैन मार्ग से आने वाले कुल श्रद्धालुओं की संख्या 1,40,266 रही।
दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं को मिली सुगम दर्शन की सुविधा
कलेक्टर और मां शारदा मंदिर प्रबंध समिति की अध्यक्ष बिदिशा मुखर्जी के निर्देशन में जबलपुर से आए दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन की सुविधा दी गई। राजेंद्र रैकवार, चेतना, आराधना, उमेश और बन्नो ने मां शारदा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। दर्शन के बाद बिदिशा मुखर्जी ने सभी दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं को मां के आशीर्वाद स्वरूप चुनरी भेंट की। श्रद्धालुओं ने इस सुविधा के लिए प्रसन्नता जताई।
पुलिस जवान भी कर रहे श्रद्धालुओं की मदद
नवरात्र मेले के दौरान मंदिर में तैनात पुलिस जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ दिव्यांग श्रद्धालुओं को दर्शन कराने में भी मदद कर रहे हैं। भीड़ के बीच जरूरतमंद श्रद्धालुओं को सहयोग देकर जवान सुगम दर्शन की व्यवस्था बनाने में जुटे हैं।
























