Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

PM मोदी ने बुजुर्ग महिला को संभाला, तबीयत बिगड़ने पर खुद पहुंचे पास; डॉक्टर बुलाकर दिलवाई मदद, VIDEO वायरल

कर्नाटक के मैसूरु में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानवीय अंदाज देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान 70 वर्षीय बीजेपी कार्यकर्ता प्रेमा सिम्बैया की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद PM मोदी खुद उनके पास पहुंचे और डॉक्टर बुलाकर तुरंत मदद दिलवाई। बीजेपी महिला मोर्चा ने घटना की तस्वीरें शेयर की हैं।
PM मोदी ने बुजुर्ग महिला को संभाला, तबीयत बिगड़ने पर खुद पहुंचे पास; डॉक्टर बुलाकर दिलवाई मदद, VIDEO वायरल
कर्नाटक के मैसूरु में PM नरेंद्र मोदी ने 70 वर्षीय बीजेपी कार्यकर्ता प्रेमा सिम्बैया की तबीयत बिगड़ने पर खुद उनका हाल जाना।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने अलग अंदाज और काम करने के तरीके को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। इस बार कर्नाटक के मैसूरु से उनकी एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने BJP कार्यकर्ताओं का दिल जीत लिया। दरअसल, मैसूरु में एक कार्यक्रम के दौरान 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें चक्कर आने लगे और कमजोरी महसूस होने लगी। यह देखकर PM मोदी खुद उनके पास पहुंचे और उनका हालचाल जाना। इतना ही नहीं, उन्होंने महिला को तुरंत जरूरी मदद दिलाने के लिए डॉक्टर को भी बुलाया। इस घटना की तस्वीरें BJP महिला मोर्चा ने सोशल मीडिया पर शेयर की हैं, जो अब चर्चा में हैं।

मैसूरु में PM मोदी ने दिखाई संवेदनशीलता, बुजुर्ग महिला की खुद की मदद

कर्नाटक के मैसूरु में शुक्रवार को कॉसमॉस तारामंडल (COSMOS Planetarium) के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान यह घटना हुई। कार्यक्रम में नंजनगुड टाउन म्युनिसिपैलिटी की पूर्व अध्यक्ष और BJP कार्यकर्ता प्रेमा सिम्बैया भी मौजूद थीं। बताया गया कि कार्यक्रम के दौरान करीब 70 वर्षीय प्रेमा सिम्बैया को अचानक चक्कर आने लगे। उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और ऐसा महसूस हुआ कि वह गिर सकती हैं। आसपास मौजूद लोगों को जब उनकी हालत का पता चला, तब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नजर भी उन पर पड़ गई। PM मोदी बिना देर किए बुजुर्ग महिला के पास पहुंचे। उन्होंने उनकी स्थिति को समझा और तुरंत मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। महिला को संभलने के लिए जूस दिया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने अपने काफिले में मौजूद डॉक्टर से महिला की जांच और उचित देखभाल सुनिश्चित करने को कहा।

UP में 38 IAS अधिकारियों के तबादले, लखनऊ विकास प्राधिकरण को मिला नया उपाध्यक्ष; कई जिलों के DM बदले

BJP महिला मोर्चा ने शेयर की तस्वीरें, बताया 'प्रधान सेवक'

इस घटना के बाद BJP महिला मोर्चा ने अपने आधिकारिक एक्स (X) हैंडल पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुजुर्ग महिला का हालचाल लेते और उनकी मदद सुनिश्चित करते दिखाई दे रहे हैं। BJP महिला मोर्चा ने पोस्ट में लिखा कि मदद के लिए आगे बढ़ा हाथ और परवाह करने वाला दिल ही प्रधानमंत्री मोदी को एक सच्चा 'प्रधान सेवक' बनाता है। पोस्ट के मुताबिक, मैसूरु की रैली में 70 वर्षीय प्रेमा के. को चक्कर आने और कमजोरी महसूस होने लगी थी। ऐसे में PM मोदी ने खुद उनका हाल जाना और यह सुनिश्चित किया कि डॉक्टर उन्हें तुरंत जरूरी देखभाल और इलेक्ट्रोलाइट्स उपलब्ध कराएं।

X Post

PM मोदी ने मैसूरु के लोगों का जताया आभार

कर्नाटक दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मैसूरु में भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में लोग उनके कार्यक्रम में शामिल हुए। लोगों के स्वागत और उत्साह को देखते हुए PM मोदी ने भी उनका आभार जताया। प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर मैसूरु दौरे का वीडियो शेयर किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, "धन्यवाद मैसूरु, कल आप लोग कमाल के थे!" इस पोस्ट के जरिए PM मोदी ने मैसूरु के लोगों के प्यार और स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उनके दौरे से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहे हैं।

X Post

कर्नाटक को विकास परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कर्नाटक दौरा केवल कार्यक्रमों और स्वागत तक सीमित नहीं रहा। इस दौरान राज्य को विकास और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात भी मिली। PM मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए बताया कि कर्नाटक के विकास को गति देने के लिए 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत की जा रही है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करना है। केंद्र सरकार की इन पहलों से परिवहन और बुनियादी ढांचे को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

डीजल के दाम 50 रुपये बढ़ाने की थी नौबत, सिर्फ 7 रुपये बढ़ाए; PM मोदी बोले- किसानों पर नहीं पड़ने दिया बोझ

CM डीके शिवकुमार के साथ दिखे PM मोदी

कर्नाटक दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का भी उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और राज्यपाल सुधा यादव भी मौजूद रहे। उद्घाटन के दौरान एक दिलचस्प तस्वीर देखने को मिली। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने एक साथ मेट्रो को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान PM मोदी ने डीके शिवकुमार का हाथ पकड़कर दोनों नेताओं ने मिलकर झंडा लहराया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों के साथ मेट्रो में सफर भी किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच अच्छा तालमेल देखने को मिला।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts