MP Weather Update :आने वाले दिनों में बढ़ सकती है ठिठुरन, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर अपना रुख बदलने की तैयारी में है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों बाद प्रदेश में ठंड एक बार फिर तेज होने वाली है। फिलहाल भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत कई जिलों में बादलों की वजह से तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
बंगाल की खाड़ी में सिस्टम सक्रिय
मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि आसमान में बादल जरूर छाए हुए हैं, लेकिन फिलहाल बारिश का कोई सिस्टम सक्रिय नहीं है। बादलों की मौजूदगी के कारण दिन में हल्की ठंडक बनी हुई है, जबकि रात में तापमान 5 से 6 डिग्री तक ऊपर चढ़ गया है।
दूसरी ओर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में लगातार बर्फबारी हो रही है। लेकिन हवा की दिशा बदलने से उत्तर की ओर से आने वाली बेहद ठंडी हवाएं अभी प्रदेश तक नहीं पहुंच पा रही हैं। इसी बीच, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय लो प्रेशर एरिया चलते हल्के बादल बने हुए हैं।
MP में फिर लौटेगी ठंड
पिछले चार दिनों से हवाओं का रुख बदलने से शीतलहर थमी हुई है, लेकिन राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। आने वाले चार दिनों तक मौसम में हल्की नरमी रहेगी, लेकिन रात के तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिसंबर के पहले सप्ताह में प्रदेश में कड़ाके की ठंड फिर से दस्तक देगी और दिन-रात दोनों तापमान तेजी से गिर सकते हैं।
8 डिग्री तक गिरा प्रदेश का तापमान
सोमवार-मंगलवार की रात में भोपाल का न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री, इंदौर का 16.8 डिग्री, ग्वालियर का 10 डिग्री, उज्जैन का 16.7 डिग्री और जबलपुर का 15 डिग्री दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा ठंड नौगांव, रीवा, मुरैना, खजुराहो, चित्रकूट और दतिया में रही, जहां तापमान 8 से 10 डिग्री के बीच रहा।
नवंबर महीने में इस साल ठंड ने कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। भोपाल में 84 साल बाद सबसे ज्यादा ठंड दर्ज हुई, जबकि इंदौर में भी 25 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। 6 नवंबर से लगातार 15 दिनों तक प्रदेश में शीतलहर चली, जिसने लोगों को परेशान कर दिया।




















