गैस नहीं, सिर्फ बुकिंग!सिलेंडर नहीं मिला तो लोगों का गुस्सा फूटा, उपभोक्ताओं ने हाईवे पर लगाया जाम

सिहोरा। गैस सिलेंडर की लगातार कमी और ऑनलाइन बुकिंग बार-बार निरस्त होने से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने सुविधा गैस एजेंसी के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर चक्काजाम कर दिया। इससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया।
ऑनलाइन बुकिंग निरस्त होने से बढ़ी परेशानी
प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं का कहना है कि उनकी ऑनलाइन गैस बुकिंग बार-बार बिना किसी स्पष्ट कारण के रद्द की जा रही है। इसके चलते उन्हें समय पर घरेलू गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं और रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।
एजेंसी से खाली हाथ लौट रहे लोग
कई उपभोक्ताओं ने बताया कि वे शनिवार को गैस सिलेंडर लेने एजेंसी पहुंचे थे, लेकिन वहां उन्हें बताया गया कि फिलहाल सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं। एजेंसी केवल बुकिंग दर्ज कर रही है और वितरण नहीं हो रहा है। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।
महिलाओं ने जताई नाराजगी
ग्रामीण क्षेत्रों से आई महिलाओं ने कहा कि वे पिछले पांच-छह दिनों से लगातार गैस एजेंसी के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन हर बार उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। उनका कहना है कि रोज कमाने-खाने वाले परिवारों के लिए बार-बार एजेंसी आना आर्थिक और समय दोनों की बर्बादी है।
लंबे समय से बनी हुई है समस्या
उपभोक्ताओं का आरोप है कि सिहोरा गैस एजेंसी में ऑनलाइन बुकिंग निरस्त होने और गैस वितरण में देरी की समस्या लंबे समय से चल रही है। इसके कारण गैस वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है और उपभोक्ताओं में लगातार असंतोष बढ़ रहा है।
हाईवे जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक उपभोक्ताओं का प्रदर्शन जारी था और प्रशासन समस्या के समाधान में जुटा हुआ था।











