Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP News :HPV टीकाकरण में मध्यप्रदेश पूरे देश में सबसे आगे, एक लाख से अधिक बालिकाओं को लगी वैक्सीन

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चल रहे अभियान में 14 वर्ष तक की बालिकाओं को HPV टीका लगाया जा रहा है।इस अभियान में मप्र पूरे देश में सबसे आगे है। यहां एक लाख से ज्यादा किशोरी बालिकाओं को टीका लगाया जा चुका है।
HPV टीकाकरण में मध्यप्रदेश पूरे देश में सबसे आगे, एक लाख से अधिक बालिकाओं को लगी वैक्सीन
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। सर्वाइकल कैंसर से बालिकाओं को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश में चल रहे HPV टीकाकरण अभियान ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश में 14 वर्ष आयु वर्ग की एक लाख से अधिक किशोरी बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इसके साथ ही मध्यप्रदेश देश में सबसे अधिक HPV टीकाकरण करने वाला राज्य बन गया है। यह उपलब्धि राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर प्रदेश को प्राप्त हुई। मालूम हो कि HPV टीकाकरण अभियान का राष्ट्रीय शुभारंभ 28 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राजस्थान के अजमेर से किया गया था। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने बताया कि प्रदेश की बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है।

    शेष बालिकाओं को भी लगे टीके : डिप्टी सीएम

    प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य-चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग की टीम को बधाई देते हुए शेष पात्र बालिकाओं का टीकाकरण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्ष की बेटियों को एचपीवी टीका अवश्य लगवाएं, ताकि सर्वाइकल कैंसर से बचाव सुनिश्चित हो सके। ये टीके सरकारी अस्पतालों में मुफ्त लगाए जा रहे हैं। 

    क्या है HPV टीकाकरण अभियान 

    HPV यानी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस से होने वाले संक्रमण को रोकने के लिए यह टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। यह वायरस आगे चलकर सर्वाइकल कैंसर का कारण बन सकता है। 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को समय पर एचपीवी वैक्सीन लगाने से इस गंभीर बीमारी से बचाव संभव है।

    कई विभागों के समन्वय से मिली सफलता 

    अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा पंचायत विभाग ने मिलकर काम किया। इसके अलावा फॉग्सी, एम्पोग्स, आईएमए और आईएपी जैसे चिकित्सकीय संगठनों ने भी जागरूकता और टीकाकरण अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    Latest Posts