हल्दी-मिर्च में पड़ गईं गुठलियां? नमी भी होगी दूर और खुशबू भी रहेगी बरकरार, ऐसे बनाए मसालों को फिर से इस्तेमाल लायक

बारिश में हवा की नमी से हल्दी, मिर्च, धनिया और जीरा जैसे मसालों में गुठलियां पड़ जाती हैं। कई बार मसाले अपनी खुशबू भी खो देते हैं। जानिए धूप, हल्की गर्मी और सही स्टोरेज की मदद से नमी वाले मसालों को कैसे बचाएं और फफूंद लगे मसालों को इस्तेमाल करने से क्यों बचना चाहिए।
हल्दी-मिर्च में पड़ गईं गुठलियां? नमी भी होगी दूर और खुशबू भी रहेगी बरकरार, ऐसे बनाए मसालों को फिर से इस्तेमाल लायक
बारिश में हवा की नमी से हल्दी, मिर्च, धनिया और जीरा जैसे मसालों में गुठलियां पड़ जाती हैं।

बारिश का मौसम आते ही गर्मी से राहत तो मिलती है, लेकिन हवा में नमी काफी बढ़ जाती है। इसका असर हमारी रसोई में रखे मसालों पर भी पड़ता है। हल्दी, मिर्च, धनिया और जीरा जैसे मसाले नमी खींच लेते हैं। इससे उनमें गुठलियां पड़ने लगती हैं, खुशबू कम हो जाती है और ज्यादा नमी होने पर फफूंद भी लग सकती है। हालांकि, अगर मसाले में सिर्फ हल्की नमी आई है तो कुछ आसान तरीकों से उन्हें दोबारा इस्तेमाल लायक बनाया जा सकता है।

हल्की नमी है तो धूप में सुखाएं

अगर मसाले में सिर्फ नमी आई है और उसमें फफूंद या खराब गंध नहीं है, तो उसे साफ और सूखी प्लेट या कागज पर फैलाकर कुछ घंटे धूप में रख सकते हैं। करीब 2 से 3 घंटे की हल्की धूप मसाले की अतिरिक्त नमी कम करने में मदद कर सकती है। इसके बाद मसाले को अच्छी तरह ठंडा करके सूखे डिब्बे में भर दें।

ये भी पढ़ें: Ex वापस आ गया है या Ex के पास लौटने का मन है? पहले खुद से पूछें ये सवाल

धूप नहीं निकली तो हल्की आंच पर भूनें

मानसून में कई बार लगातार बारिश की वजह से धूप नहीं निकलती। ऐसे में मसालों को पैन में बहुत धीमी आंच पर हल्का गर्म किया जा सकता है। ध्यान रखें कि मसाले को तेज आंच पर न भूनें। ज्यादा गर्मी से उनका रंग, स्वाद और खुशबू खराब हो सकती है। गर्म करने के बाद मसाले को पूरी तरह ठंडा होने दें और फिर एयरटाइट डिब्बे में रखें।

गुठलियां पड़ गई हैं तो क्या करें?

नमी की वजह से हल्दी और मिर्च पाउडर जैसे मसालों में अक्सर सख्त गुठलियां बन जाती हैं। ऐसी स्थिति में पहले मसाले को धूप या हल्की गर्मी से अच्छी तरह सुखाएं। इसके बाद गुठलियों को मिक्सर में हल्का पीस लें और बारीक छलनी से छान लें। इससे बड़े टुकड़े अलग हो जाएंगे और मसाला फिर से बारीक हो जाएगा।

ये भी पढ़ें: फूल-गिफ्ट छोड़िए....रिश्ते में छोटी चीजों को प्यार समझने से पहले जान लें, ये प्यार है या सिर्फ Basic Respect?

फफूंद लग गई तो फेंक दें

यह बात सबसे ज्यादा जरूरी है। अगर मसाले में फफूंद, अजीब गंध, रंग में असामान्य बदलाव या खराब होने के साफ संकेत दिखाई दे रहे हैं, तो उसे दोबारा इस्तेमाल करने की कोशिश न करें। ऐसे मसाले को फेंक देना ही बेहतर है, क्योंकि फफूंद लगे खाद्य पदार्थ सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं।

दोबारा नमी से कैसे बचाएं?

मसालों को सिर्फ सुखाना ही काफी नहीं है। उन्हें आगे नमी से बचाकर रखना भी जरूरी है। इसके लिए हमेशा पूरी तरह सूखे और एयरटाइट डिब्बे का इस्तेमाल करें। मसालों के डिब्बे को गैस या सिंक के बिल्कुल पास न रखें, क्योंकि वहां भाप और नमी ज्यादा होती है। इन्हें रसोई की किसी सूखी और साफ जगह पर रखें। साथ ही गीले चम्मच से मसाला निकालने की गलती न करें। हर बार सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें। इससे मसालों में नमी जाने का खतरा कम रहेगा।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...Read More

Latest Posts