🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

Ex वापस आ गया है या Ex के पास लौटने का मन है? पहले खुद से पूछें ये सवाल

ब्रेकअप के बाद जब Ex दोबारा जिंदगी में आता है, तो पुरानी यादें और भावनाएं फिर से लौट सकती हैं। ऐसे में दिल तुरंत रिश्ते को एक और मौका देने के लिए तैयार हो जाता है। लेकिन सिर्फ याद आना दोबारा साथ आने की सही वजह नहीं है। फैसला लेने से पहले यह समझना जरूरी है कि रिश्ता क्यों टूटा और अब क्या बदला है।
Follow on Google News
 Ex वापस आ गया है या Ex के पास लौटने का मन है? पहले खुद से पूछें ये सवाल
ब्रेकअप के बाद का रिश्ता

ब्रेकअप के बाद Ex का अचानक वापस आना दिल को फिर से उलझा सकता है। पुरानी बातें याद आने लगती हैं और मन में यह सवाल उठता है कि शायद रिश्ता खत्म करने का फैसला सही नहीं था। लेकिन किसी को याद करना और उसके साथ दोबारा जिंदगी शुरू करना एक जैसी बात नहीं है। कई बार हमें इंसान से ज्यादा उसकी मौजूदगी, बातें और साथ की आदत याद आती है इसलिए दूसरी बार रिश्ता शुरू करने से पहले भावनाओं के साथ थोड़ा दिमाग से सोचना भी जरूरी है। खुद से कुछ सवाल पूछकर आप समझ सकते हैं कि यह फैसला सच में आपके लिए सही है या सिर्फ अकेलेपन की वजह से लिया जा रहा है।

Ex की याद है या अकेलेपन का असर?

सबसे पहले यह समझिए कि आपको अपने Ex की कमी महसूस हो रही है या सिर्फ किसी के साथ की जरूरत महसूस हो रही है। अगर आपको उसकी सोच, स्वभाव और साथ की कमी लग रही है, तो बात अलग है लेकिन अगर सिर्फ इसलिए याद आ रहा है क्योंकि अब बात करने या घूमने के लिए कोई नहीं है, तो दोबारा रिश्ता शुरू करने में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए।

रिश्ता टूटा ही क्यों था?

अच्छी यादें अक्सर बुरी बातें भुला देती हैं। इसलिए खुद को याद दिलाएं कि ब्रेकअप की असली वजह क्या थी। क्या भरोसा टूट गया था? बार-बार झगड़े होते थे? बात समझने में परेशानी थी या दोनों की जिंदगी की प्राथमिकताएं अलग थीं? अगर पुरानी वजह आज भी वैसी ही है, तो सिर्फ भावनाओं के कारण वापस जाना सही फैसला नहीं हो सकता।

क्या इस बार सच में कुछ बदला है?

सिर्फ यह कहना कि अब सब ठीक हो जाएगा, काफी नहीं है। बदलाव बातों में नहीं, व्यवहार में दिखाई देना चाहिए। अगर पहले बातचीत की कमी थी, तो क्या अब दोनों खुलकर बात कर पाते हैं? अगर भरोसे की समस्या थी, तो क्या उसे दूर करने की कोशिश हुई है? समय बीत जाना अपने आप में बदलाव नहीं होता।

ये भी पढ़ें: Type 1 और Type 2 Diabetes में क्या है फर्क? जानिए कारण, लक्षण और बचाव!

क्या आपको रिश्ता याद है या सिर्फ अच्छे पल?

ब्रेकअप के बाद दिमाग अक्सर रिश्ते के अच्छे हिस्से को ज्यादा याद करता है। पहली मुलाकात, साथ घूमना, देर रात की बातें और छोटी-छोटी खुशियां याद आती हैं। लेकिन खुद से यह भी पूछें कि उस रिश्ते में आप ज्यादातर समय कैसा महसूस करते थे। अगर आप लगातार परेशान, असुरक्षित या अनसुने रहते थे, तो सिर्फ अच्छी यादों के आधार पर फैसला न लें।

भरोसा टूटा था तो क्या अब दिल तैयार है?

अगर पुराने रिश्ते में धोखा या भरोसे की कमी रही है, तो दोबारा साथ आने से पहले इस बात पर जरूर सोचें। क्या आप सच में पुरानी बात को पीछे छोड़ पाएंगे? अगर हर छोटी बात पर पुराना शक वापस आ जाएगा, तो रिश्ते में फिर तनाव पैदा हो सकता है। माफ करना जरूरी हो सकता है, लेकिन अपने मन की स्थिति को नजरअंदाज करना सही नहीं है।

आज मिलते तो क्या फिर चुनते?

एक आसान तरीका यह है कि पुरानी कहानी को कुछ देर के लिए भूल जाएं। सोचें कि अगर आप दोनों आज पहली बार मिले होते, तो क्या आपको यही इंसान पसंद आता? क्या उसकी सोच, आदतें और व्यवहार आज भी आपको रिश्ते के लिए सही लगते हैं? यह सवाल कई बार पुराने लगाव और आज की सच्चाई के बीच फर्क समझा देता है।

क्या आप खुद वापस जाना चाहते हैं?

कभी-कभी Ex के वापस आने से हमें अच्छा महसूस होता है। खासकर तब, जब ब्रेकअप के बाद हमारा आत्मविश्वास प्रभावित हुआ हो लेकिन सामने वाला वापस आया है, इसलिए आपको भी वापस जाना जरूरी नहीं है। फैसला इस आधार पर लें कि आप खुद क्या चाहते हैं और इस रिश्ते से आपको आगे क्या उम्मीद है।

ये भी पढ़ें: फूल-गिफ्ट छोड़िए....रिश्ते में छोटी चीजों को प्यार समझने से पहले जान लें, ये प्यार है या सिर्फ Basic Respect?

अगर कुछ नहीं बदला तो भी क्या आप साथ रहेंगे?

आखिरी सवाल सबसे ईमानदार होना चाहिए। कल्पना कीजिए कि आने वाले समय में कोई बड़ा बदलाव नहीं होता। क्या आप फिर भी इसी रिश्ते को चुनेंगे? अगर जवाब हां है, तो शायद आपके मन में रिश्ते के लिए अभी भी मजबूत जगह है लेकिन अगर जवाब नहीं है, तो हो सकता है कि आपको व्यक्ति से ज्यादा उस बदलाव की उम्मीद वापस खींच रही हो। Ex के पास लौटना हमेशा गलत फैसला नहीं होता। दूसरी शुरुआत अच्छी भी हो सकती है लेकिन तभी जब दोनों पुराने रिश्ते की गलतियों को समझ चुके हों। इस बार साथ आने की वजह सिर्फ पुरानी यादें नहीं बल्कि आज का बेहतर रिश्ता होना चाहिए।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी) | एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारिय...Read More

icon

Latest Posts