यूक्रेन ने रातभर रूस के अलग-अलग इलाकों में दागे 1,200 ड्रोन, 7 लोगों की मौत

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। करीब पांच साल से चल रही इस जंग के बीच दोनों देशों के हमले लगातार तेज होते जा रहे हैं। हाल ही में यूक्रेन ने रूस के कई ठिकानों पर रातभर में करीब 1,200 ड्रोन से हमला किया। इसे अब तक के सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक माना जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि एक तरफ अमेरिका की मदद से दोनों देशों के बीच युद्ध रोकने के लिए बातचीत चल रही है, तो दूसरी तरफ हमले भी जारी हैं।
रूस पर यूक्रेन का बड़ा ड्रोन हमला
यूक्रेन ने रातभर रूस के अलग-अलग इलाकों को निशाना बनाया। रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, उनकी सेना ने 1,198 यूक्रेनी ड्रोन को हवा में ही मार गिराया। हालांकि, इसके बावजूद रूस के तीन इलाकों में हमलों से भारी नुकसान हुआ। इन हमलों में एक 12 साल के बच्चे समेत कुल 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। इसके अलावा वोल्गोग्राद शहर की एक बड़ी तेल रिफाइनरी में आग लग गई। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
रूस ने भी यूक्रेन पर किया पलटवार
यूक्रेन के हमलों के बाद रूस ने भी जवाबी कार्रवाई की। रूसी सेना ने रातभर में यूक्रेन पर 117 ड्रोन दागे। इस दौरान जापोरिजिया शहर की दो रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया गया। इस हमले में 6 बच्चों समेत 30 लोग घायल हो गए, जबकि कम से कम 2 लोगों की मौत हो गई। हमले के बाद प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव का काम शुरू किया गया। वहीं, रूस की ओर से यूक्रेन के बिजली घरों पर किए गए हमलों का असर भी देखने को मिला। इन हमलों के कारण यूक्रेन के करीब आधे हिस्से में बिजली की सप्लाई बंद हो गई। इससे आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
शांति वार्ता के बीच बढ़ी हलचल
रूस और यूक्रेन के बीच जारी हमलों के बीच अमेरिका दोनों देशों के बीच युद्ध खत्म कराने की कोशिश कर रहा है। इसी सिलसिले में अबू धाबी में अहम बातचीत हुई। इस बैठक के बाद अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को बातचीत की जानकारी दी। इस पूरी बातचीत में अब केवल युद्ध रोकने की बात नहीं हो रही, बल्कि यूरोप की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा शुरू हो गई है। अमेरिका और रूस के प्रतिनिधियों ने यूरोप की उन सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी बातचीत में शामिल किया है, जो शीत युद्ध खत्म होने के बाद से लागू हैं।
ये भी पढ़ें: अमेरिका में फिर उड़ने लगे विमान, FAA ने हटाई रोक; हजारों फ्लाइट्स रद्द होने के बाद कैसे सामान्य होंगी सेवाएं?
NATO की भूमिका पर भी उठे सवाल
रूस लंबे समय से यूरोप की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव की मांग करता रहा है। अब जब इस मुद्दे को बातचीत में शामिल किया गया है, तो यूरोपीय देशों की चिंता बढ़ गई है। खासतौर पर NATO की भविष्य की भूमिका को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। NATO यूरोप और उत्तरी अमेरिका के कई देशों का सैन्य गठबंधन है। ऐसे में यूरोप की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी बड़े बदलाव का असर इस संगठन पर भी पड़ सकता है।
अगली बातचीत में शामिल होंगे यूरोपीय देश
अमेरिकी दूत जेरेड कुशनर के मुताबिक, रूस अगली बातचीत में यूरोप के कई बड़े देशों के प्रतिनिधियों को शामिल करने पर सहमत हो गया है। इनमें ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली और पोलैंड के अलावा यूरोपीय संघ के राजनयिक भी शामिल होंगे। इससे आने वाली बातचीत का दायरा और बड़ा हो सकता है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि दोनों देशों के बीच युद्ध कब तक खत्म होगा। फिलहाल एक तरफ शांति की कोशिशें जारी हैं, तो दूसरी तरफ लगातार हो रहे हमले हालात को और मुश्किल बना रहे हैं।




















