कार्ड आपका, लिमिट उनकी! स्वैपिंग के नाम पर 22 लोगों को लगाया एक करोड़ का चूना, पिता-पुत्र पर FIR

इंदौर -इंदौर में क्रेडिट कार्ड के नाम पर धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां ग्राहकों का भरोसा जीतकर उनके क्रेडिट कार्ड हासिल किए गए और फिर स्वैपिंग व रोटेशन के नाम पर कार्ड की लिमिट का इस्तेमाल कर लिया गया। बकाया राशि चुकाने और क्रेडिट कार्ड की लिमिट दोबारा क्लियर कराने का भरोसा देकर करीब 22 लोगों के साथ लगभग एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप है। मामले में नंदानगर स्थित विजय गारमेंट्स और विजय ज्वेलर्स के संचालक भूरालाल मोहने और उसके बेटे विजय मोहने के खिलाफ परदेशीपुरा पुलिस ने FIR दर्ज की है।
ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा में लोकायुक्त का छापा, SDO फॉरेस्ट संजू शर्मा के घर पहुंची टीम; आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्रवाई
विश्वास जीतकर हासिल किए कई क्रेडिट कार्ड
पुलिस के अनुसार, आरोपित ग्राहकों को कमीशन पर क्रेडिट कार्ड स्वैप करने, बकाया चुकाने और आउटस्टैंडिंग अमाउंट क्लियर कराने का भरोसा देते थे। शुरुआत में ग्राहकों को समय पर उनकी रकम लौटाई गई, जिससे उनका विश्वास बढ़ता गया। इसके बाद आरोपितों ने अलग-अलग ग्राहकों से कई क्रेडिट कार्ड अपने पास रख लिए। आरोप है कि कार्ड की लिमिट से खरीदारी और भुगतान किए गए, लेकिन बाद में ग्राहकों की रकम वापस नहीं की गई।
ये भी पढ़ें: मिसिसिपी नदी में हादसा! टैंकर से टकराकर पलटा क्रूज जहाज, 32 यात्री अस्पताल में भर्ती
एक ग्राहक के सात कार्ड से 24.44 लाख खर्च
शिकायतकर्ता शुभम टांक ने बताया कि करीब दो साल पहले मां के इलाज के लिए पैसों की जरूरत पड़ने पर उसने भूरालाल की दुकान पर क्रेडिट कार्ड से 60 हजार रुपये का भुगतान किया था। इसके बाद दोनों के बीच भरोसा बढ़ा। आरोप है कि आउटस्टैंडिंग अमाउंट क्लियर कराने के नाम पर शुभम के सात क्रेडिट कार्ड ले लिए गए। इन कार्डों से करीब 24.44 लाख रुपये की लिमिट खर्च कर दी गई। इसके अलावा पांच लाख रुपये अलग से ट्रांसफर भी कराए गए। शिकायत में कुल करीब 28 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है।
ये भी पढ़ें: मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस में लगी भीषण आग, 40 यात्रियों की बची जान
गोल्ड छुड़ाने और पढ़ाई के नाम पर भी लिए रुपये
एक अन्य शिकायतकर्ता के सात क्रेडिट कार्ड लेकर करीब 5.67 लाख रुपये की लिमिट इस्तेमाल करने का आरोप है। इसके अलावा गोल्ड छुड़ाने के नाम पर 15.80 लाख रुपये भी लिए गए। सूरज भान के नौ अन्य क्रेडिट कार्ड लेकर करीब 16.50 लाख रुपये की लिमिट खर्च करने की शिकायत सामने आई है। वहीं पढ़ाई और मकान के काम का हवाला देकर अलग-अलग किस्तों में 11 लाख रुपये लेने का भी आरोप लगाया गया है।
ये भी पढ़ें: अमेरिका में फिर उड़ने लगे विमान, FAA ने हटाई रोक; हजारों फ्लाइट्स रद्द होने के बाद कैसे सामान्य होंगी सेवाएं?
22 लोगों ने की शिकायत, पुलिस ने दर्ज किया केस
इस मामले में शुभम टांक, सूरज भान, राहुल शिंदे, नरेंद्र त्रिवेदी, सीमा शर्मा, राजकुमार नायक, रवि नायक, रवि पटेल, आदित्य चौहान, योगेश वर्मा, राजेश बागड़े, आलिंद जैन, गरिमा जैन, सुनील रघुवंशी और सौरभ शर्मा सहित अन्य लोगों ने शिकायत की है। शिकायतों के आधार पर शुक्रवार को परदेशीपुरा पुलिस ने भूरालाल मोहने और उसके बेटे विजय के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है।




















