चेहरे का ग्लो कहीं खो गया है? डाइट में शामिल करें ये चीजें, स्किन होगी ग्लोइंग

आजकल की बदलती लाइफस्टाइल और गलत खानपान की वजह से स्किन से जुड़ी कई समस्याएं देखने को मिलती हैं। पिंपल्स, रूखापन और दाग-धब्बे जैसी परेशानियां धूप, कम पानी पीने और अनहेल्दी डाइट की वजह से बढ़ सकती हैं। इसलिए सिर्फ बाहर से स्किन की देखभाल करना काफी नहीं है, बल्कि त्वचा को हेल्दी रखने के लिए शरीर को अंदर से सही पोषण देना भी जरूरी है।
स्किन को अंदर से पोषण देना जरूरी
हम जो खाते हैं, उसका असर हमारी सेहत के साथ-साथ त्वचा पर भी दिखाई देता है। शरीर को सही मात्रा में विटामिन, मिनरल, प्रोटीन, हेल्दी फैट और एंटीऑक्सीडेंट मिलें तो त्वचा को हेल्दी रखने में मदद मिल सकती है। इसलिए रोज की डाइट में फल, सब्जियां, दालें, साबुत अनाज, नट्स और बीज जैसी पौष्टिक चीजों को शामिल करना फायदेमंद हो सकता है।
टमाटर और खट्टे फलों को डाइट में करें शामिल
टमाटर, संतरा, शिमला मिर्च, ब्रोकली, स्ट्रॉबेरी और कीवी जैसे फूड्स में विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। विटामिन सी शरीर में कोलेजन बनाने में मदद करता है। कोलेजन त्वचा की संरचना और मजबूती के लिए जरूरी प्रोटीन है। वहीं एंटीऑक्सीडेंट शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करते हैं। इसलिए रोज की डाइट में अलग-अलग रंगों के फल और सब्जियां शामिल करना अच्छा विकल्प हो सकता है।
ये भी पढ़ें: रात में घर की सफाई करते हैं? पोछे से लेकर वैक्यूम तक इन बातों का रखें ध्यान
बादाम और बीज भी हैं फायदेमंद
बादाम और सूरजमुखी के बीज विटामिन ई के अच्छे स्रोत माने जाते हैं। विटामिन ई त्वचा को ऑक्सीडेटिव नुकसान से बचाने में मदद कर सकता है। इसके अलावा अखरोट, चिया सीड्स और अलसी में ओमेगा-3 फैटी एसिड पाया जाता है। ये त्वचा की नमी बनाए रखने और सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं। मछली भी ओमेगा-3 और प्रोटीन का अच्छा स्रोत है। वहीं दालें और साबुत अनाज शरीर को प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व देते हैं।
इन चीजों को कम खाना बेहतर
स्किन को हेल्दी रखने के लिए सिर्फ यह जानना जरूरी नहीं है कि क्या खाना चाहिए, बल्कि किन चीजों को कम करना है, यह भी जानना जरूरी है। बहुत ज्यादा प्रोसेस्ड फूड, रिफाइंड शुगर और हाई ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाली चीजें कुछ लोगों में मुंहासों और सूजन की समस्या को बढ़ा सकती हैं। ज्यादा मीठी चीजें, फास्ट फूड और अनहेल्दी फैट वाली चीजों का अधिक सेवन भी सेहत के लिए अच्छा नहीं माना जाता।
ये भी पढ़ें: स्ट्रेस दूर करने के लिए महिला ने की 258 करोड़ की ऑनलाइन शॉपिंग, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान
सिर्फ डाइट नहीं, इन आदतों पर भी दें ध्यान
हेल्दी स्किन के लिए खानपान के साथ रोज की आदतों का भी ध्यान रखना जरूरी है। पर्याप्त पानी पीना जरूरी है, क्योंकि शरीर में पानी की कमी होने पर त्वचा रूखी महसूस हो सकती है। धूप में निकलते समय सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें और लंबे समय तक सीधे तेज धूप में रहने से बचें। धूम्रपान और ज्यादा शराब से दूरी बनाना भी त्वचा और पूरे शरीर के लिए बेहतर है।
कब डॉक्टर से लें सलाह?
अगर पिंपल्स, ड्राइनेस, खुजली, लालिमा या स्किन से जुड़ी कोई दूसरी समस्या लंबे समय तक बनी रहती है, तो खुद से इलाज करने के बजाय त्वचा रोग विशेषज्ञ यानी डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेना बेहतर है। ध्यान रखें की सिर्फ किसी एक फूड को खाने से त्वचा तुरंत ग्लो नहीं करने लगती। संतुलित डाइट, पर्याप्त पानी, अच्छी नींद, धूप से बचाव और नियमित स्किन केयर मिलकर त्वचा को हेल्दी रखने में मदद करते हैं।












