🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

रात में घर की सफाई करते हैं? पोछे से लेकर वैक्यूम तक इन बातों का रखें ध्यान

रात में घर की सफाई करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। गीला मॉप रातभर छोड़ने से बदबू की समस्या हो सकती है, जबकि गीले फर्श पर फिसलने का खतरा रहता है। डीप क्लीनिंग, कांच की सफाई और वैक्यूम क्लीनिंग के लिए दिन का समय बेहतर माना जाता है। जानें सफाई से जुड़ी जरूरी बातें।
Follow on Google News
रात में घर की सफाई करते हैं? पोछे से लेकर वैक्यूम तक इन बातों का रखें ध्यान
रात में पोछा लगाने के बाद गीला मॉप न छोड़ें

घर को साफ और व्यवस्थित रखना हर किसी की जरूरत है। रोजाना झाड़ू-पोछा लगाने से घर साफ नजर आता है, लेकिन सफाई का समय और तरीका भी काफी मायने रखता है। कई लोग रात में घर की सफाई करने के बाद गीला पोछा या मॉप बाथरूम, बालकनी या किसी कोने में छोड़ देते हैं। यह आदत सही नहीं मानी जाती।

रातभर गीला मॉप छोड़ना क्यों ठीक नहीं?

पोछा लगाने के बाद मॉप में काफी नमी रह जाती है। अगर उसे बिना धोए और सुखाए लंबे समय तक छोड़ दिया जाए तो उसमें बदबू आने लग सकती है। खासकर बंद बाथरूम या ऐसी जगह जहां हवा का आना-जाना कम हो, वहां मॉप जल्दी नहीं सूखता। इसलिए सफाई के बाद मॉप को अच्छी तरह धोकर उसका अतिरिक्त पानी निकाल दें और ऐसी जगह रखें जहां पर्याप्त हवा आती हो। इससे मॉप जल्दी सूखेगा और अगली बार इस्तेमाल करने के लिए भी बेहतर स्थिति में रहेगा।

रात में पोछा लगाने से बढ़ सकता है फिसलने का खतरा

रात में पूरे घर में पोछा लगाने के बाद फर्श काफी देर तक गीला रह सकता है। इस दौरान घर का कोई सदस्य पानी पीने, बाथरूम जाने या किसी दूसरे काम के लिए उठता है तो गीले फर्श पर पैर पड़ने से फिसलने का खतरा रहता है। दिन के समय रोशनी में गीला फर्श आसानी से दिखाई दे जाता है, लेकिन रात में कम रोशनी के कारण इसे पहचानना मुश्किल हो सकता है। अगर रात में किसी जगह कुछ गिर जाए, तो पूरे घर में पोछा लगाने के बजाय सिर्फ उसी हिस्से को साफ करना ज्यादा सुविधाजनक हो सकता है।

Lifestyle

डीप क्लीनिंग के लिए दिन का समय बेहतर

घर की डीप क्लीनिंग रात में करने से बचना बेहतर होता है। खासकर तेज केमिकल वाले क्लीनिंग प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते समय कमरे में पर्याप्त वेंटिलेशन जरूरी होता है। कई क्लीनिंग प्रोडक्ट्स से तेज गंध निकल सकती है, जो बंद कमरे में लंबे समय तक बनी रह सकती है। दिन में खिड़कियां और दरवाजे खोलकर कमरे में हवा का आना-जाना आसान होता है।

रात में कांच की सफाई से बचें

खिड़कियों और कांच की सफाई भी दिन के समय करना बेहतर रहता है। रात में आर्टिफिशियल लाइट में कांच साफ दिखाई दे सकता है, लेकिन सुबह प्राकृतिक रोशनी पड़ने पर उस पर दाग, लकीरें या उंगलियों के निशान नजर आ सकते हैं। इसलिए कांच की सफाई के लिए दिन का समय चुनना ज्यादा सुविधाजनक होता है।

रात में वैक्यूम क्लीनर चलाना भी परेशानी बन सकता है

अगर घर में लोग सो रहे हों तो रात में वैक्यूम क्लीनर चलाने से बचना चाहिए। इससे घर के सदस्यों की नींद खराब हो सकती है। अपार्टमेंट या आसपास दूसरे घर होने पर इसकी आवाज पड़ोसियों को भी परेशान कर सकती है। रात में थोड़ी बहुत सफाई करनी हो तो कम आवाज वाले विकल्पों का इस्तेमाल किया जा सकता है।

सफाई के बाद मॉप को ऐसे रखें

सफाई के बाद इन बातों का ध्यान रखें-

  • मॉप को साफ पानी से अच्छी तरह धोएं।
  • उसका अतिरिक्त पानी अच्छी तरह निचोड़ दें।
  • मॉप को खुली और हवादार जगह पर सुखाएं।
  • गीले मॉप को बंद बाथरूम या किसी कोने में न छोड़ें।
  • रात में पोछा लगाएं तो फर्श को जल्द से जल्द सुखाने की कोशिश करें।

सफाई का मकसद घर को साफ और सुरक्षित रखना है। इसलिए सही समय पर सफाई करने के साथ मॉप और दूसरे सफाई उपकरणों को ठीक तरीके से सुखाना भी जरूरी है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

icon

Latest Posts