Eating Curd At Night :रात में दही खाना फायदेमंद या नुकसानदायक? जान लें ये 3 अहम बातें

रात में दही खाना चाहिए या नहीं, यह सवाल लंबे समय से लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा है। कई घरों में बुजुर्ग रात में दही खाने से मना करते हैं, जबकि कुछ स्वास्थ्य विशेषज्ञ इसे पाचन के लिए फायदेमंद बताते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर सच क्या है?
हर व्यक्ति के लिए जवाब अलग हो सकता है
गुरुग्राम के सीके बिड़ला हॉस्पिटल में रोबोटिक जीआई और बेरिएट्रिक सर्जरी के डायरेक्टर डॉ. अंशुमन कौशल के अनुसार, रात में दही खाना सभी लोगों के लिए नुकसानदायक नहीं होता। यह व्यक्ति की शारीरिक स्थिति, पाचन क्षमता और खाने के समय पर निर्भर करता है।
उनका कहना है कि यह मान लेना गलत है कि रात में दही खाने से हर किसी को सर्दी, खांसी या जुकाम हो जाएगा। हर व्यक्ति की सहनशक्ति अलग होती है।
दही के प्रोबायोटिक्स पाचन के लिए फायदेमंद
दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स अच्छे बैक्टीरिया होते हैं, जो पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। यह आंतों की सेहत सुधारने और डाइजेशन बेहतर करने में सहायक माने जाते हैं। हालांकि जिन लोगों को लैक्टोज इनटोलरेंस या डेयरी उत्पादों से परेशानी होती है, उन्हें रात में दही खाने के बाद गैस, पेट फूलने या ब्लोटिंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
दही खाकर तुरंत सोना पड़ सकता है भारी
गुरुग्राम के नारायणा अस्पताल में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के डायरेक्टर डॉ. सुकृत सिंह सेठी के अनुसार, दही की बनावट काफी गाढ़ी होती है। यदि कोई व्यक्ति दही खाने के तुरंत बाद लेट जाता है, तो उसका पाचन धीमा हो सकता है।
इससे एसिड रिफ्लक्स, सीने में जलन, भारीपन और गैस जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कई बार अपचित दही आंतों में किण्वन (फर्मेंटेशन) करने लगता है, जिससे पेट फूलने और नींद में बाधा आने की शिकायत हो सकती है।
किन लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए?
यदि आपको इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम (IBS), लैक्टोज इनटोलरेंस या डेयरी प्रोडक्ट्स से एलर्जी है, तो रात में दही खाने से बचना बेहतर हो सकता है। ऐसे लोगों को पहले डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।
रात में दही खाते समय रखें इन बातों का ध्यान
- पैकेज्ड या अधिक चीनी वाली दही के बजाय घर की ताजी और सादी दही का सेवन करें।
- भारी भोजन के तुरंत बाद दही खाने से बचें।
- दही खाने के बाद तुरंत सोने की बजाय कुछ समय तक टहलें।
- यदि दही खाने के बाद गैस, एसिडिटी या पेट फूलने की समस्या होती है तो रात में इसका सेवन न करें।
रात में दही खाना पूरी तरह गलत नहीं है, लेकिन यह आपकी शरीर की जरूरत, पाचन क्षमता और खाने की आदतों पर निर्भर करता है। सही समय और सही मात्रा में दही का सेवन करने से इसके फायदे मिल सकते हैं, जबकि गलत तरीके से खाने पर पाचन संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं।











