Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

देवास में करणी सेना के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, हरदा में हुई कार्रवाई के विरोध में इंदौर-भोपाल हाईवे जाम, पुलिस ने बल प्रयोग कर किया तितर-बितर

देवास में करणी सेना के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, हरदा में हुई कार्रवाई के विरोध में इंदौर-भोपाल हाईवे जाम, पुलिस ने बल प्रयोग कर किया तितर-बितर
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    देवास। हरदा में करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर समेत कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज और गिरफ्तारी के विरोध की चिंगारी अब देवास तक पहुंच गई है। रविवार को करणी सेना और राजपूत समाज के कार्यकर्ताओं ने देवास में भोपाल-इंदौर बायपास चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की लगातार समझाइश के बाद भी जब वे नहीं माने तो पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें खदेड़ा। इस दौरान हाईवे पर दोनों तरफ यातायात पूरी तरह से बाधित रहा।

    शांतिपूर्ण विरोध से टकराव की स्थिति तक पहुंचा मामला

    प्रदर्शनकारियों का कहना था कि हरदा में करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने शांति से अपनी बात रखने की कोशिश की थी, लेकिन वहां पुलिस ने न केवल लाठीचार्ज किया, बल्कि गिरफ्तारियां भी कीं। देवास में बैठे कार्यकर्ताओं ने मांग की कि या तो हरदा में गिरफ्तार नेताओं को छोड़ा जाए या उन्हें भी गिरफ्तार किया जाए।

    Twitter Post

    प्रशासन की समझाइश नहीं आई काम

    हाईवे पर प्रदर्शन की सूचना मिलते ही बीएनपी थाना प्रभारी अमित सोलंकी और यातायात थाना प्रभारी पवन बागड़ी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एडीएम बिहारी सिंह ने भी प्रदर्शनकारियों से बातचीत की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे और चौराहे पर डटे रहे।

    30 मिनट तक जाम, यात्रियों को भारी परेशानी

    करीब 100 से ज्यादा कार्यकर्ता बायपास पर बैठ गए, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोकल यात्री ही नहीं, बल्कि दूर-दराज से आ रही बसों के यात्री भी घंटों फंसे रहे। गर्मी और अव्यवस्था के कारण कई यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

    हल्का बल प्रयोग कर हटाया गया प्रदर्शनकारी

    जब प्रदर्शनकारी हटने को तैयार नहीं हुए, तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें खदेड़ा। इस दौरान कार्यकर्ताओं में अफरातफरी मच गई और कई लोग मौके से भाग निकले। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया और प्रदर्शन में इस्तेमाल किए जा रहे डंडे व अन्य सामग्री भी जब्त की गई।

    स्थिति पर पुलिस का बयान

    एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया, “कुछ करणी सैनिकों ने भोपाल चौराहे पर जाम किया था। हरदा में जिन पर कार्रवाई हुई, उसे लेकर ये आंदोलन कर रहे थे। उन्हें पहले समझाया गया, लेकिन जब वे नहीं माने, तब बल प्रयोग कर उन्हें हटाया गया। कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनकी वीडियोग्राफी करवाई गई है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है।”

    क्या है मामला?

    गौरतलब है कि हरदा में करणी सेना के जिलाध्यक्ष सुनील राजपूत सहित कई पदाधिकारियों को शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आरोप है कि वे पुलिस हिरासत में चल रहे एक आरोपी को छुड़ाने की मांग कर रहे थे। इस दौरान हंगामा बढ़ा और पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसी कार्रवाई के विरोध में करणी सेना ने देवास में प्रदर्शन का रास्ता चुना।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts