Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

टाटा की आईफोन फैक्ट्री में टैंक की सफाई के दौरान 3 कर्मचारियों की मौत, जहरीली गैस से हुआ हादसा

तमिलनाडु के कृष्णगिरि जिले में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के प्लांट में हादसा, सफाई के लिए टैंक में उतरे तीनों कर्मचारी बेहोश होकर गिर पड़े; एपल भी मामले की जांच करेगी। 
टाटा की आईफोन फैक्ट्री में टैंक की सफाई के दौरान 3 कर्मचारियों की मौत, जहरीली गैस से हुआ हादसा

तमिलनाडु के कृष्णगिरि जिले में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की आईफोन कंपोनेंट फैक्ट्री में बड़ा हादसा हो गया। यहां पानी की टंकी की सफाई और मेंटेनेंस के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन कर्मचारियों की मौत हो गई। तीनों कर्मचारी कॉन्ट्रैक्ट पर काम करते थे और सफाई के लिए टैंक के अंदर उतरे थे। घटना सोमवार शाम की है। हादसे के बाद अमेरिकी टेक कंपनी एपल ने भी मामले की जांच करने की बात कही है। वहीं, जिला प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आए कर्मचारी

यह हादसा कृष्णगिरि जिले में उदनापल्ली के पास वन्नियापुरम स्थित टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के प्लांट में हुआ। फैक्ट्री के एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP) के नैनो-फिल्टरेशन फीड टैंक की सफाई और मेंटेनेंस का काम चल रहा था। इसके लिए नालको से जुड़ी एक कंपनी ने कर्मचारियों को भेजा था। सफाई के दौरान कर्मचारी जहरीली गैस के संपर्क में आ गए। इस हादसे में तीनों की जान चली गई। हालांकि, फैक्ट्री में प्रोडक्शन पर कोई असर नहीं पड़ा है, क्योंकि त्योहार की छुट्टियों के चलते उस समय प्लांट बंद था।

एक के बाद एक टैंक में उतरे तीन कर्मचारी, तीनों की मौत

कृष्णगिरि के कलेक्टर सी. दिनेश कुमार के मुताबिक, सबसे पहले बी. अकमल ने टैंक के अंदर देखने की कोशिश की। इसी दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से वह बेहोश हो गए। इसके बाद पी. कावेरी के कहने पर एम. सार्थीकुमार उन्हें देखने के लिए टैंक के अंदर गए। वह भी गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। फिर कावेरी खुद दोनों को देखने के लिए टैंक में उतरे, लेकिन वह भी अंदर बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के दौरान टीम का चौथा सदस्य बाहर मौजूद था। उसने तुरंत मदद मांगी। तीनों कर्मचारियों को होसुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे में जान गंवाने वाले तीनों कर्मचारी धर्मपुरी जिले के रहने वाले थे।

- बी. अकमल (28): पंचपल्ली के थिन्नूर गांव के निवासी।
- पी. कावेरी (32): हनुमंतपुरम के निवासी।
- एम. सार्थीकुमार (25): पालाकोड के पास बेलरामपट्टी के निवासी।

Breaking News

कलेक्टर बोले- रखरखाव के दौरान सुरक्षा उपाय नहीं अपनाए गए

कलेक्टर सी. दिनेश कुमार ने बताया कि ईटीपी के रखरखाव के दौरान उचित सुरक्षा उपाय लागू नहीं किए गए थे। जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तीनों कर्मचारियों के शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी कृष्णगिरि मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MCH) भेजे गए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर दिनेश कुमार, देनकनिकोट्टई के तहसीलदार वी.षणमुगम, डीएसपी अनंतराज और औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशालय के संयुक्त निदेशक सरवणन ने घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में मौत की वजह जहरीली गैस सूंघना सामने आ रही है। हालांकि, इसकी अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। संयुक्त निदेशक सरवणन ने कहा कि जांच जारी है, इसलिए फिलहाल वह इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।

तमिलनाडु सरकार ने दिए जांच और सहायता के निर्देश

तमिलनाडु की उद्योग मंत्री विरुद्धई मगहल कीर्तना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना को लेकर पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि हर कर्मचारी की सुरक्षा और गरिमा सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि घटना की गहन जांच की जाएगी और जांच के नतीजों के आधार पर उचित कार्रवाई होगी। साथ ही जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली में जहरीली हवा पर AIIMS के डॉक्टर की चेतावनी, बोले- 'हैरान हूं कि हम जिंदा हैं'; जानें प्रदूषण के खतरनाक लक्षण

टाटा के प्लांट में पहले भी हो चुकी है दुर्घटना

टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के प्लांट में सुरक्षा से जुड़ी यह पहली घटना नहीं है। सितंबर 2024 में रायाकोट्टई के पास उल्लुकुरुक्कई गांव स्थित कंपनी के केमिकल प्लांट में आग लग गई थी। उस घटना में दम घुटने और स्वास्थ्य संबंधी दूसरी परेशानियों के कारण 11 लोगों को होसुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

क्या होता है एस्फिक्सियेशन?

एस्फिक्सियेशन ऐसी जानलेवा स्थिति है, जिसमें शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती। यह समस्या अक्सर टैंक, सीवर और बंद कमरों जैसी जगहों पर हो सकती है। ऐसी जगहों पर जहरीली गैस जमा होने या ऑक्सीजन की कमी के कारण व्यक्ति का दम घुट सकता है। इसलिए टैंक या बंद जगहों में सफाई और मेंटेनेंस का काम करने से पहले ऑक्सीजन लेवल और सुरक्षा मानकों की जांच जरूरी होती है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...

Latest Posts