Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP के अनुज ने रचा इतिहास, भारत को मिला 100वां शतरंज ग्रैंडमास्टर, पीएम मोदी ने दी बधाई

भारत को 100वां शतरंज ग्रैंडमास्टर मिल गया है। मध्य प्रदेश के 22 वर्षीय अनुज श्रीवात्री ने फिलीपींस में 7वीं आसियान प्लस शतरंज चैंपियनशिप जीतकर इतिहास रच दिया। वह मध्य प्रदेश के पहले ग्रैंडमास्टर भी बन गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी और युवाओं को शतरंज अपनाने के लिए प्रेरित किया।
MP के अनुज ने रचा इतिहास, भारत को मिला 100वां शतरंज ग्रैंडमास्टर, पीएम मोदी ने दी बधाई
शतरंज में भारत का ऐतिहासिक शतक, पीएम मोदी ने अनुज को दी बधाई

भारत ने शतरंज की दुनिया में एक नया इतिहास रच दिया है। देश को अपना 100वां शतरंज ग्रैंडमास्टर मिल गया है। मध्य प्रदेश के रहने वाले 22 साल के अनुज श्रीवात्री ने यह खास उपलब्धि अपने नाम की है। उन्होंने फिलीपींस में आयोजित 7वीं आसियान प्लस इंडिविजुअल ओपन शतरंज चैंपियनशिप जीतकर यह मुकाम हासिल किया। इस जीत के साथ ही अनुज मध्य प्रदेश के पहले ग्रैंडमास्टर भी बन गए हैं। उनकी इस कामयाबी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी खुशी जताई और उन्हें बधाई दी।

पहली बाजी हारने के बाद की शानदार वापसी

अनुज श्रीवात्री ने 8 नवंबर, रविवार को फिलीपींस के ओजामिज सिटी में आयोजित टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि, प्रतियोगिता की शुरुआत उनके लिए अच्छी नहीं रही और उन्हें पहले ही मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। लेकिन उन्होंने हार से निराश होने के बजाय शानदार वापसी की। अनुज ने इसके बाद अपने अगले आठ मुकाबलों में 7 अंक हासिल किए और कुल 9 राउंड में 7 अंक के साथ टूर्नामेंट में पहला स्थान पाया। उन्होंने वियतनाम के ग्रैंडमास्टर गुयेन डुक होआ को आधे अंक से पीछे छोड़ते हुए खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ उन्हें सीधे ग्रैंडमास्टर का खिताब मिला।

X Post

पीएम मोदी ने दी बधाई, कही ये बात

भारत के 100वें ग्रैंडमास्टर बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर अनुज श्रीवात्री को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि भारत ने शतरंज में शतक लगा दिया है। देश में अब 100 शतरंज ग्रैंडमास्टर हो गए हैं। यह शानदार उपलब्धि है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि भारत का 100 ग्रैंडमास्टर तक पहुंचना खिलाड़ियों की प्रतिभा, मेहनत और लगन को दिखाता है। इससे यह भी पता चलता है कि देश के युवाओं में शतरंज का क्रेज लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से युवा खिलाड़ी सामने आ रहे हैं और दुनिया भर में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि अनुज की यह सफलता देश के दूसरे युवाओं को भी शतरंज खेलने और इस खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

X Post

कौन हैं भारत के पहले ग्रैंडमास्टर?

भारत के पहले शतरंज ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद हैं। उन्होंने साल 1988 में यह खिताब हासिल किया था। उनके बाद देश में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आए और अब अनुज श्रीवात्री ने भारत को 100वें ग्रैंडमास्टर तक पहुंचा दिया है। अनुज की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि वह मध्य प्रदेश के पहले खिलाड़ी हैं जिन्होंने शतरंज में ग्रैंडमास्टर का खिताब हासिल किया है। इससे राज्य के युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

क्या होता है ग्रैंडमास्टर का खिताब?

ग्रैंडमास्टर यानी GM शतरंज में दिए जाने वाले सबसे बड़े व्यक्तिगत खिताबों में से एक है। इसे अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ यानी FIDE देता है। आमतौर पर इस खिताब के लिए खिलाड़ी को तय रेटिंग और ग्रैंडमास्टर नॉर्म हासिल करने होते हैं। हालांकि, कुछ विशेष प्रतियोगिताओं में FIDE के तय नियमों के तहत विजेता को सीधे यह खिताब मिल सकता है। ग्रैंडमास्टर का खिताब मिलने के बाद खिलाड़ी जीवनभर इस उपाधि का इस्तेमाल कर सकता है। भारत के लिए 100वें ग्रैंडमास्टर का यह मुकाम देश में शतरंज की बढ़ती लोकप्रियता और नई प्रतिभाओं की सफलता का बड़ा उदाहरण है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts