कुबेरेश्वरधाम में 17 नवंबर को अन्नकूट महोत्सव, भगवान गिरिराज को चढ़ेगा 108 प्रकार का भोग; शुगर फ्री मिठाइयां भी बनेंगी

सीहोर। दीपोत्सव के बाद अब चितावलिया हेमा स्थित कुबेरेश्वरधाम में गोपाष्टमी और अन्नकूट महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 17 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में होने वाले इस आयोजन में भगवान गिरिराज गोवर्धन को 56 व्यंजनों के साथ 108 प्रकार के भोग अर्पित किए जाएंगे। इसके लिए अलग-अलग तरह के पकवान और मिठाइयां तैयार की जा रही हैं। आयोजन में विशेष पूजा-अर्चना, आरती और गिरिराज गोवर्धन की भव्य झांकी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
औषधीय और पौष्टिक सामग्री से तैयार होंगे पकवान
इस बार अन्नकूट महोत्सव में भगवान को अर्पित किए जाने वाले भोग में स्वाद के साथ पौष्टिकता का भी ध्यान रखा जा रहा है। छप्पन भोग में तुलसी, नारियल, अदरक, दही, पनीर, आंवला, पालक, मेथी, ड्राय फ्रूट और कद्दू सहित कई औषधीय एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री का इस्तेमाल किया जाएगा। इन सामग्रियों से अलग-अलग तरह के पकवान तैयार किए जाएंगे।
शुगर फ्री मिठाइयां भी रहेंगी खास
भोग के लिए एक दर्जन से अधिक प्रकार की मिठाइयां बनाई जाएंगी। श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शुगर फ्री मिठाइयां भी तैयार की जाएंगी। 108 प्रकार के भोग के साथ आकर्षक सजावट और विशेष पूजा-अर्चना आयोजन को खास बनाएगी।
मंदिर परिसर में दिखेगी बृजधाम की झलक
हर साल की तरह इस बार भी कुबेरेश्वरधाम में बृजधाम जैसा माहौल तैयार किया जाएगा। 56 प्रकार की सामग्री से गिरिराज गोवर्धन का प्रतिरूप बनाया जाएगा। इसके साथ रंगोली और विभिन्न पकवानों की भव्य झांकी सजाई जाएगी। भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग और 108 प्रकार के व्यंजन अर्पित करने के बाद विशेष आरती होगी। विठलेश सेवा समिति के सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं। पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला सहित अन्य सदस्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को मिलेगी भोजन प्रसादी
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि दीपोत्सव के बाद हर साल कुबेरेश्वरधाम में अन्नकूट महोत्सव आयोजित किया जाता है। इस बार भी परंपरा के अनुसार भव्य आयोजन होगा। भगवान को भोग अर्पित करने और विशेष आरती के बाद धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को समिति की ओर से भोजन प्रसादी वितरित की जाएगी। उन्होंने बताया कि गुरुवार को भी धाम पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी बांटी गई।
गौसेवा और प्रकृति के प्रति आभार का पर्व है गोपाष्टमी
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गोपाष्टमी भगवान श्रीकृष्ण और गौमाता के प्रति श्रद्धा प्रकट करने का विशेष पर्व है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने गौचारण शुरू किया था। सनातन परंपरा में गाय को पूजनीय मानते हुए उसकी सेवा को पुण्यकारी बताया गया है।




















