सीहोर के कुबेरेश्वरधाम में दीपोत्सव की रौनक, हजारों दीपों से जगमगाया परिसर, 8 नवंबर को होगा खजाना पूजन

सीहोर। दीपों की जगमगाहट, मंदिरों में गूंजते मंत्र और श्रद्धालुओं के चेहरों पर झलकती आस्था… दीपावली के पावन पर्व पर चितावलिया हेमा स्थित कुबेरेश्वरधाम में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजा धाम श्रद्धालुओं के मन को मोह रहा है। धनतेरस पर हजारों भक्तों ने भगवान मुरली मनोहर के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने दीपावली पर जरूरतमंदों की मदद करने और खुशियां बांटने का भावपूर्ण संदेश दिया।
रोशनी से सजा धाम, दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु
दीपोत्सव के अवसर पर कुबेरेश्वरधाम को आकर्षक झालरों, रंग-बिरंगी लाइटिंग और विशेष सजावट से सजाया गया है। मंदिर परिसर की दिव्य छटा श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। धनतेरस पर भगवान मुरली मनोहर का विशेष अभिषेक, पूजन और श्रृंगार किया गया। इस दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा सहित विठलेश सेवा समिति के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। कार्तिक मास में धाम पहुंचने वाले भक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
धनतेरस पर खरीदारी ही नहीं, सेवा और खुशियां बांटने का भी पर्व
पंडित प्रदीप मिश्रा ने श्रद्धालुओं को संदेश देते हुए कहा कि दीपावली सुख, समृद्धि और खुशियों का पर्व है। इसे जरूरतमंदों की मदद करते हुए मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि धनतेरस केवल सोना, चांदी या कीमती वस्तुएं खरीदने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन में सकारात्मकता, खुशहाली और शुभ भावनाओं का स्वागत करने का अवसर है। घर में लाई गई वस्तु से जुड़ी भावना और विश्वास महत्वपूर्ण हैं।
परिवार और प्रियजनों के साथ समय बिताकर तथा जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाकर त्योहार की खुशियां बढ़ाई जा सकती हैं। उन्होंने सभी के लिए अच्छी सेहत, समृद्धि और मां लक्ष्मी के आशीर्वाद की कामना की।
पांच दिवसीय दीपोत्सव में होंगे विशेष धार्मिक आयोजन
कुबेरेश्वरधाम में पांच दिवसीय दीपोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। छोटी दीपावली, लक्ष्मी-कुबेर पूजन, गोवर्धन पूजा और भाई-दूज के अवसर पर विशेष पूजा-पाठ होगा।
8 नवंबर को बाबा कुबेर भंडारी का अभिषेक-पूजन और खजाना पूजन सहित धार्मिक अनुष्ठान होंगे। पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में विठलेश सेवा समिति और श्रद्धालुओं ने आयोजन की तैयारियां की हैं। बड़ी संख्या में भक्तों के आगमन को देखते हुए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
मिट्टी के दीपों से जगमगाएगा धाम, अन्नकूट में लगेगा छप्पन भोग
मिट्टी की कला और पारंपरिक दीपों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से धाम में प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु दीप प्रज्ज्वलित करते हैं। इस वर्ष भी दीपोत्सव को विशेष बनाने की तैयारियां हैं। समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला सहित सदस्यों के सहयोग से श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी वितरित की जा रही है।
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि दीपावली के बाद अन्नकूट महोत्सव आयोजित होगा। इसमें भगवान श्रीकृष्ण को धार्मिक परंपरा के अनुसार 56 और 108 प्रकार के पकवानों का भोग लगाया जाएगा। विभिन्न व्यंजनों से सजे अन्नकूट के माध्यम से श्रद्धालु भगवान के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित करेंगे।




















