NRS अस्पताल के शौचालय में मिली नर्स की लाश, नाइट ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा; जांच में जुटी पुलिस

कोलकाता के नीलरतन सरकार (NRS) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बुधवार रात एक स्टाफ नर्स की रहस्यमयी मौत का मामला सामने आया। नाइट ड्यूटी पर पहुंची नर्स रूपाली बर्मन का शव अस्पताल के शौचालय से मिलने के बाद परिसर में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रूपाली रात करीब 8 बजे ड्यूटी के लिए अस्पताल पहुंची थीं। रात 9 से 10 बजे के बीच वह शौचालय गईं, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटीं।
काफी देर तक नहीं मिली कोई प्रतिक्रिया
सहकर्मियों ने बताया कि जब काफी समय तक रूपाली बाहर नहीं आईं तो उन्होंने शौचालय के बाहर से आवाज लगाई। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर कर्मचारियों को चिंता हुई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंटाली थाना पुलिस ने पहले दरवाजे के बाहर से आवाज देकर प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की। कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने बंद दरवाजा तोड़ा।
बंद शौचालय में मिला शव
दरवाजा खुलने के बाद पुलिस को शौचालय के अंदर नर्स का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद अस्पताल में कर्मचारियों और मरीजों के बीच भी बेचैनी का माहौल देखने को मिला। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि नर्स की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
फॉरेंसिक टीम करेगी घटनास्थल की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाएगी। पुलिस अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ नर्स की गतिविधियों की जानकारी भी जुटा रही है। इसके अलावा अस्पताल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस बोली- आत्महत्या का सबूत नहीं मिला
कोलकाता पुलिस के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (क्राइम) कुणाल अग्रवाल के मुताबिक, पुलिस को घटना की जानकारी रात करीब 10:30 बजे मिली थी। उन्होंने बताया कि मृतका अस्पताल के गायनी विभाग में नर्स के पद पर कार्यरत थीं। उन्होंने कहा कि अब तक की जांच में आत्महत्या का कोई सबूत नहीं मिला है। डीडी होमिसाइड विभाग ने मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है और फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल की जांच करेगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस के अनुसार, मौत की असली वजह अभी सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और CCTV फुटेज से महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। फिलहाल, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नर्स की मौत किन परिस्थितियों में हुई।











