Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अगवा बच्चियां 60 घंटे बाद कोलार की पॉश कॉलोनी इंग्लिश विला से बरामद

आरोपियों ने पहचान छिपाने करा दिया था मुंडन, पांच हिरासत में
Follow on Google News
अगवा बच्चियां 60 घंटे बाद कोलार की पॉश कॉलोनी इंग्लिश विला से बरामद

भोपाल। कोतवाली स्थित कर्फ्यूवाली माता मंदिर के सामने से शनिवार सुबह कन्याभोज के बहाने अगवा की गईं 11 महीने और 8 साल की दोनों बच्चियों को पुलिस ने 60 घंटे बाद कोलार की पॉश इंग्लिश विला सोसाइटी के एक घर से सकुशल बरामद कर लिया है। पहचान छुपाने के लिए आरोपियों ने बच्चियों का मुंडन करा दिया गया था। पुलिस ने अपहरण करने वाली दोनों महिलाओं समेत परिवार के पांच लोगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी पर सोमवार दोपहर 30 हजार का इनाम घोषित किया गया था। यह मामला मानव या अंग तस्करी से जुड़ा हो सकता है, इस एंगल पर भी जांच की जा रही है।

डीसीपी क्राइम ब्रांच श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि आरोपियों की तलाश में कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की आधा दर्जन टीमों को लगाया गया था। करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद लगातार आरोपियों का रूटमैप ट्रैक किया गया। सोमवार रात संदेह के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम कोलार की इंग्लिश विला सोसाइटी स्थित एक मकान पर पहुंची, तो अपहृत बच्चियां मिल गईं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

इंग्लिश विला सोसाइटी में किराए से रहते थे आरोपी

इस मकान को निशांत नामक युवक ने छह महीने पहले ही 7,500 रुपए प्रतिमाह किराए पर रूपेश सोनी नामक व्यक्ति से लिया था। निशांत मूलत: केरल का रहने वाला है और यहां प्रायवेट काम करता है। उसके साथ पत्नी हरियाणा निवासी अर्चना, बहन मुस्कान, साला, नाबालिग लड़की और एक ढाई महीने का बच्चा रहता है।

कारण जानने में जुटी पुलिस

सोमवंशी ने बताया कि पूछताछ कर पता लगाया जा रहा है कि आखिर उन्होंने बच्चियों को अगवा क्यों किया था। पुलिस ने हरियाणा के नंबर की एक स्कूटर और एक लग्जरी कार भी बरामद की है। स्कूटर का उपयोग वारदात में किया गया था। पुलिस मकान मालिक से भी पूछताछ करेगी।

यह था मामला

अगवा की गईं दोनों बच्चियां मूलत: रतलाम निवासी मुकेश आदिवासी की हैं। वह यहां लालघाटी में रहकर मजदूरी करता है। शनिवार सुबह उसकी पत्नी लक्ष्मी 11 महीने की बेटी दीपावली और 8 साल की बेटी काजल के साथ कर्फ्यूवाली माता मंदिर के सामने बैठी थी। सुबह करीब 10.30 बजे एक महिला उसके पास पहुंची थी, जबकि दूसरी पास में ही खड़ी हो थी। महिला ने लक्ष्मी से कहा था कि कन्याभोज कराने के लिए वह बच्चियों को ले जाना चाहती है। कुछ देर में यहीं छोड़ देगी। इस पर उसने बच्चियों को उसके साथ भेज दिया। घंटों बाद भी जब बच्चियां वापस नहीं आईं, तो पति के साथ कोतवाली थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई।(

इनपुट उदय मौर्य)

Javedakhtar Ansari
By Javedakhtar Ansari

Latest Posts