Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

एमपी के रिपोर्ट कार्ड पर आज सागर में बात करेंगे खड़गे

Follow on Google News
एमपी के रिपोर्ट कार्ड पर आज सागर में बात करेंगे खड़गे

भोपाल। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मंगलवार 22 अगस्त को सागर में जनसभा को संबोधित करेंगे। खड़गे की इस सभा से कांग्रेस बुंदेलखंड की 26 सीटों पर चुनावी अभियान को रफ्तार देगी। कांग्रेस सूत्रों की मानें तो कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मप्र में अजा और अजजा वर्ग पर अत्याचार के मुद्दे को उठा सकते हैं। वे गृह मंत्री अमित शाह द्वारा मप्र सरकार के रिपोर्ट कार्ड पर भी जवाब पेश कर सकते हैं।

मप्र में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की जबलपुर और ग्वालियर सभाओं के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा को लेकर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उत्साहित हैं। सागर संभाग की सभा के जरिए कांग्रेस बुंदेलखंड की 26 विधानसभा सीटों पर बात पहुंचाएगी। बुंदेलखंड की सभी सीटों से कार्यकर्ता सागर पहुंचेंगे।

संविधान की प्रति भेंट करेंगे

सभा के दौरान प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित विभाग द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे को संविधान की प्रति भेंट की जाएगी। विभाग अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने कहा कि हाल ही में विवेक देबरॉय ने संविधान बदलने की बात कही है, कांग्रेस ही वह पार्टी है, जो बाबा अंबेडकर के बनाए संविधान की रक्षा कर सकती है।

पहले भोपाल पहुंचेगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मंगलवार सुबह 10.45 बजे एयरोप्लेन से भोपाल पहुंचेंगे। यहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद 11 बजे वे हेलिकॉप्टर से रवाना होकर 11.45 बजे सागर पहुंचेंगे। खड़गे दोपहर 12 बजे सागर के कजलीवन मैदान पर जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद 1.30 बजे सागर से भोपाल के लिए रवाना होंगे।

हर जिले, ब्लॉक में की गई बैठक

सभा को सफल बनाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने हर जिले और ब्लॉक में बैठकें कीं और कार्यकर्ताओं को ज्यादा से ज्यादा संख्या में सागर पहुंचने के लिए कहा। खड़गे की सभा में एक लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य तय किया गया है। अंचल में अनुसूचित जाति वोटर 30 से 40 प्रतिशत हैं। सभा में अनुसूचित जाति वर्ग के मतदाताओं को सभा में शामिल कराना कांग्रेस नेताओं की प्राथमिकता है। करीब 25 हजार लोग एससी वर्ग के शामिल हो सकते हैं।

Javedakhtar Ansari
By Javedakhtar Ansari

Latest Posts