Ketan Agarwal Murder Case:सिया गोयल के परिवार पर FDA की कार्रवाई, दुकान बंद करने का नोटिस, 8.14 लाख का माल जब्त

पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी सिया गोयल एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार मामला हत्या से अलग है। महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सिया गोयल के परिवार की मसाला और सूखे मेवों की दुकान पर बड़ी कार्रवाई की है। FDA ने दुकान में कई नियमों के उल्लंघन का दावा करते हुए नोटिस जारी किया है। साथ ही दुकान का कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश भी दिया गया है। जांच के दौरान लाखों रुपये का माल जब्त किया गया है और कई खाद्य उत्पादों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
कहां है यह दुकान?
जानकारी के मुताबिक यह दुकान 'मेसर्स बीजी गोयल एंड कंपनी' के नाम से संचालित होती है। यह प्रतिष्ठान पुणे के प्रसिद्ध मार्केट यार्ड इलाके में स्थित है। यहां मसाले, सूखे मेवे और अन्य खाद्य सामग्री का कारोबार किया जाता है।सिया गोयल फिलहाल जेल में बंद है, जबकि दुकान का संचालन उसके परिवार द्वारा किया जा रहा था।
FDA की टीम ने की अचानक जांच
महाराष्ट्र FDA की टीम ने दुकान का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुकान में रखे खाद्य उत्पादों की जांच की और कई जरूरी दस्तावेज भी देखे। निरीक्षण के दौरान टीम ने चार अलग-अलग खाद्य उत्पादों के नमूने जांच के लिए लिए।
केतन अग्रवाल हत्याकांड की यह खबर भी पढ़ें: केतन अब कभी वापस नहीं आएगा... सिर्फ सहानुभूति नहीं बल्कि न्याय चाहिए, केतन अग्रवाल की मां ने PM मोदी को लिखा भावुक पत्र
लेबलिंग में मिली कई गड़बड़ियां
FDA के अनुसार जांच के दौरान सबसे बड़ी समस्या उत्पादों की लेबलिंग में सामने आई। अधिकारियों का कहना है कि कई पैकेटों पर जरूरी जानकारी पूरी तरह नहीं लिखी गई थी। कुछ उत्पादों पर नियमों के अनुसार लेबल नहीं लगाए गए थे, जबकि कुछ मामलों में जानकारी अधूरी या गलत पाई गई। खाद्य उत्पादों पर निर्माता का नाम, निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि, बैच नंबर, वजन और अन्य जरूरी जानकारी देना कानूनन अनिवार्य होता है। यदि इनमें कोई कमी होती है तो इसे खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन माना जाता है।
मिलावट के शक में जब्त किया गया माल
FDA ने केवल लेबलिंग की गड़बड़ियों पर ही कार्रवाई नहीं की, बल्कि खाद्य सामग्री में मिलावट की आशंका भी जताई है। इसी संदेह के आधार पर अधिकारियों ने दुकान से कुल 4,172 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त कर ली। जब्त किए गए माल की अनुमानित कीमत 8.14 लाख रुपए बताई गई है।
दुकान का कारोबार फिलहाल बंद
जांच के बाद FDA ने दुकान संचालकों को नोटिस जारी किया। इस नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि अगले आदेश तक दुकान में किसी भी तरह का व्यापार नहीं किया जाएगा। यानी फिलहाल यह प्रतिष्ठान बंद रहेगा और जांच पूरी होने के बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा।
केतन अग्रवाल हत्याकांड की यह खबर भी पढ़ें: पहले बोली- 'रिश्ता कैंसिल कर दो', फिर खुद शादी के लिए हो गई तैयार... सिया के पिता का बड़ा खुलासा, मां ने भी तोड़ी चुप्पी
FDA ने क्यों उठाया यह कदम?
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि दुकान संचालक खाद्य सुरक्षा एवं मानक (FSS) अधिनियम के तहत निर्धारित कई जरूरी नियमों का पालन नहीं कर रहे थे। इसके अलावा विभाग ने यह भी पाया कि प्रतिष्ठान ने अपने लाइसेंस से जुड़ी जरूरी जानकारी समय पर अपडेट नहीं की। अधिकारियों के मुताबिक जब किसी खाद्य व्यवसाय में नियमों का पालन नहीं होता, तो उपभोक्ताओं की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इसलिए कार्रवाई करना जरूरी था।
अधिकारी ने क्या कहा?
FDA के एक अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं। इन्हीं उल्लंघनों को देखते हुए प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया है और अगले आदेश तक सभी व्यावसायिक गतिविधियां रोकने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्या है केतन अग्रवाल हत्याकांड?
सिया गोयल का नाम पिछले महीने सामने आए एक चर्चित हत्या मामले में आया था। पुलिस के अनुसार, 18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले की पहाड़ी पर ट्रैकिंग के दौरान रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे हादसा माना गया, लेकिन जांच के दौरान मामला हत्या का निकला।
मंगेतर पर हत्या का आरोप
पुलिस जांच में आरोप लगाया गया कि सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि दोनों ने ट्रैकिंग के दौरान केतन को पहाड़ी से नीचे खाई में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जांच के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया और फिलहाल दोनों न्यायिक हिरासत में हैं।











