पहले बोली- 'रिश्ता कैंसिल कर दो',फिर खुद शादी के लिए हो गई तैयार... सिया के पिता का बड़ा खुलासा, मां ने भी तोड़ी चुप्पी

मुंबई। पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच लगातार जारी है। इस बीच पहली बार आरोपी सिया गोयल के माता-पिता ने पूरे मामले पर खुलकर अपनी बात रखी है। एक इंटरव्यू में सिया के पिता प्रवीण गोयल ने सगाई से लेकर 18 जून की घटना तक का पूरा घटनाक्रम बताया। वहीं सिया की मां पूजा गोयल ने कहा कि चार महीने पहले तक केतन का परिवार उनकी बेटी को संस्कारी और अच्छी बहू बताता था, लेकिन अब उस पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनकी बेटी दोषी साबित होती है तो उसे भी वही सजा मिलनी चाहिए, जो केतन के साथ हुई।
पिता बोले- सिया ने खुद कहा था, अगर दिक्कत है तो रिश्ता रोक दीजिए
प्रवीण गोयल के अनुसार, 7 फरवरी को कर्जत में एक शादी समारोह के दौरान रिश्ते की बात शुरू हुई थी। दो दिन बाद उन्हें जानकारी मिली कि केतन सिर पर पैच लगाते हैं और बोलते समय हकलाते हैं। इस पर सिया ने उनसे कहा था कि अगर यह बात सही है तो रिश्ता आगे नहीं बढ़ाया जाए। हालांकि अगले ही दिन सिया ने इंटरनेट पर केतन के बारे में जानकारी जुटाई। उसने उनके कुछ वीडियो भी देखे और पिता से कहा कि केतन सामान्य तरीके से बोलते हैं और उन्हें इस रिश्ते से कोई आपत्ति नहीं है। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच बातचीत आगे बढ़ी।
पहली मुलाकात के बाद दोनों ने दी थी सहमति
प्रवीण गोयल ने बताया कि 11 फरवरी को दोनों परिवारों की मुलाकात हुई। इसी दौरान सिया और केतन ने करीब दो घंटे अकेले बातचीत की। बाद में दोनों ने इस रिश्ते के लिए अपनी सहमति दे दी। परिवारों ने भी रिश्ता तय कर दिया। उन्होंने कहा कि सगाई के बाद से लेकर 18 जून तक सिया के व्यवहार में उन्हें कभी कोई बदलाव नहीं दिखा। उसने कभी शादी से इनकार नहीं किया और न ही परिवार के सामने चेतन चौधरी नाम के किसी युवक का जिक्र किया। उनका कहना था कि यदि ऐसी कोई बात सामने आती तो वह एक पिता होने के नाते जरूर बेटी से बात करते।
18 जून की सुबह क्या हुआ?
प्रवीण गोयल ने बताया कि 18 जून को पूरा परिवार सिया का जन्मदिन मनाने के लिए महाबलेश्वर जाने की तैयारी कर रहा था। सुबह वह और उनका बेटा साहिल दुकान चले गए। इसी दौरान सिया का फोन साहिल के पास आया। उनके मुताबिक, सिया काफी घबराई हुई थी। उसने कहा कि केतन का पैर फिसल गया है, वह नीचे गिर गए हैं। प्लीज कुछ कीजिए, पापा को जल्दी भेजिए। इसके बाद साहिल ने तुरंत पिता को सूचना दी। प्रवीण गोयल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। रास्ते में उन्होंने सिया को फोन किया, लेकिन फोन किसी अन्य व्यक्ति ने उठाया। उस व्यक्ति ने कहा कि जल्दी पहुंच जाइए, लड़की बहुत डरी हुई है। इसी बीच सिया ने अपनी लोकेशन भी परिवार को भेजी थी।
मां बोलीं- चार महीने तक दोनों के रिश्ते में कभी कोई परेशानी नहीं दिखी
सिया की मां पूजा गोयल ने कहा कि उनकी बेटी केतन से बहुत प्यार करती थी। चार महीने के दौरान उन्हें कभी नहीं लगा कि दोनों के बीच किसी तरह का मनमुटाव या विवाद है। उन्होंने कहा कि केतन का परिवार पहले कहता था कि उन्हें बहुत संस्कारी लड़की मिली है। अब वही लोग अलग-अलग आरोप लगा रहे हैं। हमें नहीं पता कि आखिर उस दिन क्या हुआ। अगर मेरी बेटी दोषी है तो उसके साथ भी वही होना चाहिए, जो केतन के साथ हुआ।
ये भी पढ़ें: राजा रघुवंशी हत्याकांड : हाईकोर्ट ने कहा-सोनम को यह तक नहीं बताया गया कि उसे किस जुर्म के लिए पकड़ा है!
पुलिस जांच में हत्या की साजिश का आरोप
बता दें कि 18 जून को पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल के लोहगढ़ ट्रैकिंग के दौरान खाई में गिरने की खबर सामने आई थी। शुरुआत में इसे हादसा माना गया, लेकिन पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने दावा किया कि यह दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। पुलिस ने इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके दोस्त चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है। फिलहाल दोनों न्यायिक प्रक्रिया का सामना कर रहे हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।












