केदारनाथ के पास हेलिकॉप्टर क्रैश : पायलट समेत 7 लोगों की मौत, मृतकों में 10 साल की बच्ची भी शामिल; खराब मौसम के चलते हुआ हादसा

गौरीकुंड/रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले से रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। केदारनाथ धाम से श्रद्धालुओं को लेकर गुप्तकाशी लौट रहा एक हेलिकॉप्टर गौरीकुंड के जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत कुल 7 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक 10 साल की बच्ची भी शामिल है।
कैसे हुआ हादसा
आर्यन एविएशन कंपनी का यह हेलिकॉप्टर रविवार सुबह 5:17 बजे केदारनाथ हेलीपैड से 6 श्रद्धालुओं और पायलट के साथ गुप्तकाशी के लिए रवाना हुआ था। लेकिन रास्ते में मौसम अचानक खराब हो गया। घना कोहरा और तेज हवाओं के चलते हेलिकॉप्टर रास्ता भटक गया और संपर्क टूट गया। कुछ देर बाद गौरीकुंड के जंगलों से इसके क्रैश होने की सूचना मिली।पायलट समेत सभी सात लोगों की मौत
इस हादसे में पायलट राजवीर समेत सभी यात्रियों की मौत हो गई। हेलिकॉप्टर में सवार लोगों की पहचान इस प्रकार की गई है:- पायलट: राजवीर
- विक्रम रावत (बीकेटीसी निवासी, ऊखीमठ)
- विनोद
- तृष्टि सिंह
- राजकुमार
- श्रद्धा
- राशि (उम्र 10 वर्ष)
घटनास्थल पर राहत-बचाव कार्य जारी
घटना की जानकारी मिलते ही SDRF, NDRF, स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। हालांकि खराब मौसम के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में भी मुश्किलें आईं। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।




















