Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

11 मौतों के बाद कौशांबी पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में बड़ा एक्शन, 1 इंस्पेक्टर समेत 6 SI सस्पेंड

कौशांबी के मनौरी में पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में बड़ा पुलिस एक्शन हुआ है। 11 लोगों की मौत के बाद एक इंस्पेक्टर और 6 SI को सस्पेंड किया गया है। मुख्य आरोपी नौशाद मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हुआ। हादसे में कई मकान तबाह हुए। सीएम योगी ने मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की।
11 मौतों के बाद कौशांबी पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में बड़ा एक्शन, 1 इंस्पेक्टर समेत 6 SI सस्पेंड
कौशांबी पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में बड़ा एक्शन

उत्तर प्रदेश के कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद पुलिस प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में एक इंस्पेक्टर और 6 सब-इंस्पेक्टर को निलंबित किया गया है। वहीं, थाना प्रभारी समेत कई अन्य पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई हुई है।

पुलिसकर्मियों पर क्यों हुई कार्रवाई?

आईजी रेंज प्रयागराज अजय मिश्र ने कार्रवाई करते हुए पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया। आरोप है कि घनी आबादी में पटाखा फैक्ट्री संचालित होने की सूचना होने के बावजूद उसे दर्ज नहीं किया गया और निगरानी में लापरवाही बरती गई। कौशांबी एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने पिपरी थाना प्रभारी विकास सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। चौकी प्रभारी चायल अमित द्विवेदी और पूर्व चौकी प्रभारी चायल मनीष पाल पर भी कार्रवाई की गई है। बीट आरक्षी जितेंद्र कुमार और कृष्ण कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

मुख्य आरोपी नौशाद गिरफ्तार

ब्लास्ट के बाद फरार चल रहे मुख्य आरोपी नौशाद को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि नौशाद चरवा थाना क्षेत्र के तेरामिल के पास से फरार होने की कोशिश कर रहा है।

/img/99/1788236724305

एसओजी और पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर नौशाद ने फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद होने की बात कही गई है। मामले में नौशाद के भाई शकील, पत्नी कहकशां बानो, शकील की पत्नी शबाना, नौशाद के बेटे आदिल और शकील की बेटी साइना के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

कौशांबी पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में बड़ा एक्शन, मुठभेड़ के बाद आरोपी नौशाद गिरफ्तार; पैर में लगी गोली

ब्लास्ट में 11 लोगों की मौत

पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी में सोमवार सुबह करीब 11 बजे पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हुआ था। हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों का प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज चल रहा है। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के करीब आधा दर्जन मकान पूरी तरह ढह गए, जबकि दर्जनभर से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है। घटनास्थल पर राहत-बचाव और मलबे में तलाशी का काम किया गया।

सीएम योगी ने किया मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश भी दिए हैं।

X Post

सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने उठाए सवाल

घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचे सपा सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने घनी आबादी में पटाखा फैक्ट्री चलने को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि प्रशासन की नाक के नीचे फैक्ट्री कैसे चल रही थी और इसे संचालित करने की अनुमति किसने दी थी? सांसद ने हादसे में तबाह हुए घरों और पीड़ित परिवारों को उचित मदद देने की मांग की। उन्होंने लापता सुनील मौर्य का भी जिक्र किया और कहा कि परिजन अब भी उसके शव की तलाश कर रहे हैं।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts