कटनी: युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद बड़गांव बायपास पर चक्काजाम, वन कर्मियों पर प्रताड़ना के आरोप

कटनी। जिले के रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगानगर (बड़गांव) निवासी 35 वर्षीय युवक फुकली प्रसाद की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद रविवार को इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बड़गांव बायपास पर शव रखकर कटनी-दमोह राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन बाधित रहा।
अवैध शिकार के मामले में की थी गिरफ्तारी
परिजनों के अनुसार, हाल ही में रीठी वन परिक्षेत्र के ग्राम बरजी में जंगली सूअर के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसी कड़ी में कॉल डिटेल और संपर्कों के आधार पर वन विभाग की टीम ने फुकली प्रसाद को पूछताछ के लिए उठाया था।
पूछताछ के दौरान मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के आरोप
प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों पर पूछताछ के दौरान मारपीट और मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि प्रताड़ना और भय के कारण युवक की मौत हुई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों और आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें: कटनी में संयुक्त टीम की दबिश: 2712.60 क्विंटल गेहूं लदे 8 ट्रक पकड़े, मिल में खपाने की आशंका पर शुरू की जांच
ग्रामीणों ने शव रखकर किया प्रदर्शन
युवक की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण बड़गांव बायपास पर एकत्र हुए और शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उनकी मांग है कि दोषी वन कर्मियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
कटनी-दमोह मुख्य मार्ग पर यातायात रहा प्रभावित
चक्काजाम के चलते कटनी-दमोह मुख्य मार्ग पर घंटों तक यातायात प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल प्रशासन और पुलिस के स्तर पर स्थिति को संभालने व जांच की दिशा में कदम उठाए जाने की प्रतीक्षा है।




















